विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 07, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कोलकाता टेस्ट: रोहित के शतक से भारत की स्थिति मजबूत

By Edited By:
Published: Thu, 07 Nov 2013 09:29 AM (IST)Updated: Fri, 08 Nov 2013 10:35 AM (IST)

कोलकाता [विशाल श्रेष्ठ]। गुरुवार को लोग ईडन गार्डेस आए तो थे मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का खेल देखने, लेकिन उनका ...और पढ़ें

News Article Hero Image

कोलकाता [विशाल श्रेष्ठ]। गुरुवार को लोग ईडन गार्डेस आए तो थे मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का खेल देखने, लेकिन उनका मनोरंजन किया दूसरे 'मुंबईकर' ने। रोहित शर्मा ने अपने पदार्पण टेस्ट मैच में शतक जमाकर न सिर्फ टीम इंडिया को संकट से उबारा, बल्कि इतिहास के पन्नों पर भी अपना नाम दर्ज करवा लिया। रोहित ने कैरेबियाई ऑफ स्पिनर शेन शिलिंगफोर्ड द्वारा दिए गए शुरुआती झटकों से अपनी टीम को उबारते हुए नाबाद 127 रनों की यादगार पारी खेली, जिसमें 16 चौके और एक छक्का शामिल है। विशुद्ध ऑलराउंडर बन चुके आर अश्विन ने उनका पूरा साथ दिया और 92 रन बनाकर वह भी अपने दूसरे टेस्ट शतक की दहलीज पर खड़े हैं। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 198 रनों की महत्वपूर्ण अटूट साझेदारी निभाई। पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारत ने 6 विकेट खोकर 354 रनों का स्कोर खड़ा कर लिया है औरं उसके पास 120 रनों की बढ़त हो गई है।

पढ़ें: पहले दिन की रिपोर्ट के लिए यहां क्लिक करें

दूसरे दिन का पहला सत्र पूरी तरह वेस्टइंडीज के नाम रहा। खेल शुरू होने के साथ ही शिलिंगफोर्ड ने आग उगलना शुरू कर दिया था। उन्होंने दोनों सलामी बल्लेबाजों शिखर धवन और मुरली विजय को जल्दी पवेलियन की राह दिखा दी। धवन (23) शेलिंगफोर्ड की गेंद पर बोल्ड हो गए जबकि मुरली (26) उन्हें आगे बढ़कर खेलने के चक्कर में गच्चा खा गए और विकेटकीपर दिनेश रामदीन ने उन्हें स्टंप आउट कर दिया। चेतेश्वर पुजारा (17) ने संभलकर खेला, लेकिन ज्यादा देर टिक नहीं पाए। शेल्डन कॉट्रेल की गेंद पर वह रामदीन के हाथों लपके गए। इसके बाद मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर (10) पारी संभालने आए, लेकिन शिलिंगफोर्ड ने उन्हें भी टिकने नहीं दिया और पगबाधा आउट कर स्टेडियम को बिल्कुल शांत कर दिया। टीम इंडिया के युवा तुर्क विराट कोहली (3) की भी शिलिंगफोर्ड के आगे एक न चली और वह उनकी गेंद पर कीरेन पावेल को कैच थमा बैठे। टीम इंडिया के पांच बल्लेबाज 83 रन पर पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने रोहित के साथ पारी को संभाला और बेहद सावधानी से खेलते हुए टीम स्कोर को 150 के पार ले गए। भारतीय पारी फिर से मजबूत होती नजर आ रही थी, उसी समय तेज गेंदबाज टीनो बेस्ट ने अपनी टीम को एक और सफलता दिला दी। टीनो की गेंद धौनी के बल्ले को चूमती हुई रामदीन के दस्तानों में जा चिपकी। धौनी ने पांच चौकों की मदद से उपयोगी 42 रन बनाए।

इसके बाद रोहित का साथ देने अश्विन आए। दोनों ने मिलकर मोर्चा संभाला। अच्छी गेंदों को जहां संभलकर खेला, वहीं कमजोर गेंदों पर शॉट लगाकर स्कोर भी बढ़ाते रहे। इस बीच रोहित ने अपने पहले टेस्ट में शतक पूरा किया तो अश्विन ने भी टेस्ट क्रिकेट में अपना तीसरा अर्धशतक बनाया। दिन की समाप्ति तक अश्विन भी अपने दूसरे टेस्ट शतक के करीब पहुंच गए। उन्होंने नाबाद 92 रनों की पारी में 10 चौके लगाए। शिलिंगफोर्ड मेहमान टीम के सबसे प्रभावशाली गेंदबाज रहे जिन्होंने चार विकेट लिए, जबकि टीनो बेस्ट और कॉट्रेल की झोली में एक-एक विकेट आए।

स्कोर बोर्ड : वेस्टइंडीज बनाम भारत

--------------

टॉस : वेस्टइंडीज (बल्लेबाजी)

--------------

वेस्टइंडीज (पहली पारी) : 234 रन

भारत (पहली पारी) : 354/6

रन, गेंद, चौके, छक्के

शिखर धवन बो. शिलिंगफोर्ड 23, 34, 04, 00

मुरली विजय स्ट. रामदीन बो. शिलिंगफोर्ड 26, 75, 02, 00

चेतेश्वर पुजारा का. रामदीन बो. कॉट्रेल 17, 36, 02, 00

सचिन तेंदुलकर पगबाधा बो. शिलिंगफोर्ड 10, 24, 02, 00

विराट कोहली का. पॉवेल बो. शिलिंगफोर्ड 03, 05, 00, 00

महेंद्र सिंह धौनी का. रामदीन बो. बेस्ट 42, 63, 05, 00

रोहित शर्मा नाबाद 127, 228, 16, 01

आर अश्विन नाबाद 92, 148, 10, 00

अतिरिक्त (बा-4, लेबा-8, वा-1, नोबा-1) : 14 रन

कुल : 102 ओवर में छह विकेट पर 354 रन

गेंदबाजी :

टिनो बेस्ट 14-0-53-1

काट्रेल 15-3-53-1

शिलिंगफोर्ड 41-8-130-4

परमॉल 20-1-54-0

सैमी 12-1-52-0

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर