यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 07, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मैदान पर शांत रहने की करता हूं कोशिश : कोहली
नई दिल्ली। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पिछले दिनों खत्म हुई वनडे सीरीज में जिंबाब्वे का क्लीन स्वीप कर सबके दुलारे ...और पढ़ें

नई दिल्ली। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पिछले दिनों खत्म हुई वनडे सीरीज में जिंबाब्वे का क्लीन स्वीप कर सबके दुलारे बन गए हैं। नियमित कप्तान महेंद्र सिंह धौनी की जगह टीम की बागडोर संभालने वाले कोहली को यह सफलता उनकी आक्रामकता की वजह से मिली। लेकिन कोहली जानते हैं कि इसकी वजह से वह कभी-कभी मुसीबत में भी फंस जाते हैं। कोहली ने कहा कि मैं मैदान पर खुद को काफी नियंत्रित रखने की कोशिश करता हूं, लेकिन मेरा मूल स्वभाव ही आक्रामक है।
जिंबाब्वे दौरे में अंपायर के फैसले पर उनकी नाराजगी ने एक बार कोहली को विंवादों में ला खड़ा किया था। उसके बाद कई पूर्व खिलाड़ियों ने उन्हें मैदान पर शांत बने रहने की सलाह दी थी। इस पर उन्होंने कहा, 'मैं मैच के दौरान अपने व्यवहार को काफी संयत बनाए रखता हूं। यही प्रयास करता हूं कि कोई सीमारेखा न पार करूं, लेकिन क्या करूं, आदमी हूं मशीन नहीं।'
सिंथाल के ब्रांड एम्बेसडर कोहली बुधवार को अपनी प्रायोजक कंपनी के एक प्रमोशनल कार्यक्रम में भाग लेने आए हुए थे। उन्होंने कहा कि वेस्टइंडीज दौरे के दौरान धौनी से सीखे गुर जिंबाब्वे में युवा भारतीय टीम की अगुआई करते हुए उनके लिए फायदेमंद साबित हुए। कोहली की कप्तानी में धौनी के प्रभाव के बारे में पूछने पर स्टार बल्लेबाज ने कहा, 'वह ऐसे व्यक्तिहैं, जो ज्यादा नहीं बोलते। लेकिन मैं विभिन्न हालात और इस दौरान मैं क्या कर सकता हूं इस बारे में उनसे बात करता रहता हूं। मैं साथ ही पूछता हूं कि कप्तानी करते हुए दबाव के हालात में खुद को शांत कैसे रखूं। वेस्टइंडीज में जब वह नहीं खेल रहे थे और मैं टीम की कप्तानी कर रहा था तो उनसे बात कर काफी मदद मिली। उन्होंने मुझे जो भी टिप्स दिए उससे टीम इंडिया जिंबाब्वे को 5-0 से हराकर विदेशी सरजमीं पर पहली बार क्लीनस्वीप करने में सफल रही।' कोहली ने कहा कि वह जिंबाब्वे में जीत के बाद धौनी से बात नहीं कर पाए क्योंकि धोनी फिलहाल ब्रेक का लुत्फ उठा रहे हैं। जब वह छुट्टियों पर जाते हैं तो उनसे संपर्क करना बहुत मुश्किल होता है।
वनडे गेंदबाजों की आइसीसी रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाले बायें हाथ के स्पिनर रवींद्र जडेजा की तारीफ करते हुए कोहली ने कहा कि सौराष्ट्र के इस खिलाड़ी को लगातार अच्छे प्रदर्शन का फायदा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुझे बेहद खुशी है कि वह वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर एक स्थान हासिल करने में सफल रहा। पिछले कुछ वषरें में उसने कड़ी मेहनत की है। उम्मीद करता हूं कि वह भविष्य में भी अच्छा प्रदर्शन जारी रखेगा।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
