यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 14, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मेहनत रंग लाई, इस खिलाड़ी को मिला मुंबई इंडियंस का न्योता
पिछले आइपीएल सीजन में पुणे वॉरियर्स की टीम ने जम्मू-कश्मीर के परवेज रसूल को उनके शानदार घरेलू क्रिकेट के प्रदर्शन ...और पढ़ें

श्रीनगर [जागरण संवाददाता]। पिछले आइपीएल सीजन में पुणे वॉरियर्स की टीम ने जम्मू-कश्मीर के परवेज रसूल को उनके शानदार घरेलू क्रिकेट के प्रदर्शन व अभ्यास मैचों में धमाल के बाद आइपीएल में खेलने का मौका दिया था जिसके बाद वो अपने राज्य से ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने और बाद में टीम इंडिया में भी शामिल हुए। इस बार जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम भले ही रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाई, लेकिन इस बार भी उनकी टीम ने लाजवाब प्रदर्शन किया और उनके खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित करने में सफल रहे। टीम के एक युवा खिलाड़ी की मेहनत तो यूं रंग लाई कि उसको दमदार खेल दिखाने के इनाम स्वरूप आइपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस ने अपने साथ जुड़ने का न्योता दिया है।
यह मौका मिला है पुलवामा जिले के छोटे से गांव मलिकपोरा निवासी गेंदबाज उमर नजीर मीर को। उमर ने अपने गांव के ही गली-कूचों में क्रिकेट सीखी। स्कूली स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन के बलबूते 2010 में जम्मू-कश्मीर क्रिकेट में अपनी जगह बनाई। अंडर-19 से अपने करियर का आरंभ करने वाले उमर ने इस सत्र में असम के खिलाफ खेले गए रणजी मैच के साथ प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया। कुल तीन रणजी मैच में 20 वर्षीय उमर ने सात विकेट चटकाए और अपनी मध्यम तेज गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया।
क्रिकेट की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें
मुंबई इंडियंस द्वारा उन्हें न्योता दिए जाने पर खुश उमर ने कहा, 'मुझे अभी ट्रायल बेसिस पर टीम में लिया जाएगा, लेकिन मैं टीम में अपनी जगह पक्की करने की पूरी कोशिश करूंगा। मेरा ख्वाब है कि मैं राष्ट्रीय क्रिकेट टीम में खेलूं। मुझे लगता है कि यह मेरे उस सपने को साकार करने के लिए पहली सीढ़ी है।'
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
