विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 14, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

भारत ही नहीं विश्व की धरोहर है सचिन : रमीज राजा

By Edited By:
Published: Mon, 14 Oct 2013 05:57 PM (IST)Updated: Mon, 14 Oct 2013 05:59 PM (IST)

अभिषेक त्रिपाठी, जयपुर। दो टेस्ट मैच खेलने के बाद संन्यास लेने जा रहे सचिन तेंदुलकर को लेकर भारत, पाकिस्तान के ...और पढ़ें

News Article Hero Image

अभिषेक त्रिपाठी, जयपुर। दो टेस्ट मैच खेलने के बाद संन्यास लेने जा रहे सचिन तेंदुलकर को लेकर भारत, पाकिस्तान के ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के क्रिकेट प्रशंसक दुखी हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सात वनडे मैचों की सीरीज में कमेंट्री करने आए पूर्व पाकिस्तानी कप्तान रमीज राजा ने जागरण से विशेष बातचीत में सचिन के प्रति अपनी भावनाओं को व्यक्त किया।

सचिन केसाथ खेलने का आपका अनुभव कैसा रहा?

मैंने सचिन के साथ बहुत कम क्रिकेट खेला है, लेकिन जब वह 16 साल की उम्र में पाकिस्तान दौरे पर आए थे तभी लग गया था कि इस लड़के में कुछ खास है। वकार यूनुस और वसीम अकरम जैसे गेंदबाजों को वह जैसे आगे बढ़कर खेलते थे उससे पता चलता था कि वह कितने निडर हैं।

क्या पाकिस्तान में भी सचिन के उतने ही प्रशंसक हैं, जितने भारत में?

बिल्कुल, इस महान बल्लेबाज को जितना भारत में पसंद किया जाता है उतना ही प्यार उन्हें पाकिस्तानियों से भी मिलता है। वह सिर्फ भारत की ही नहीं बल्कि पूरे विश्व की धरोहर हैं। जैसे टेनिस स्टार रोजर फेडरर को केवल स्विस खिलाड़ी के तौर पर नहीं देखा जा सकता, वैसे ही सचिन सिर्फ भारत के ही नहीं हैं। यह दोनों व‌र्ल्ड क्लास प्लेयर हैं।

सचिन के संन्यास के बाद क्या आप उन्हें अपने साथ कमेंट्री रूम में देखना चाहेंगे?

मुझे उम्मीद है कि वह क्रिकेट से किसी न किसी रूप में जुड़े रहेंगे। जिस व्यक्ति ने 25 साल क्रिकेट को दिए हों, वह उससे अलग नहीं हो सकता है। अब वह कोच बनते हैं या किसी और तरीके से जुड़ते हैं यह तो उन पर ही निर्भर करेगा। हां, एक बात मैं दावे से कह सकता हूं कि अगर वह कमेंट्री रूम में आ गए तो हो सकता है कि आपको मराठी में भी मैचों की कमेंट्री होते हुए सुनाई दे।

क्रिकेट को कितना नुकसान होने जा रहा है?

निसंदेह यह इस खेल के लिए बड़ा नुकसान है। क्रिकेट को संभलने में कई साल लग जाएंगे। वह क्रिकेट की सर्वमान्य हस्ती हैं। उन्होंने इस खेल को बहुत कुछ दिया है।

धौनी ने कहा है कि अगले दो टेस्ट हाउसफुल होने वाले हैं, क्या कहेंगे?

धौनी का यह बयान बताता है कि सचिन का लोग कितना सम्मान करते हैं। निश्चित ही अगले दो टेस्ट हाउसफुल होंगे और मैं भी उसका गवाह बनना चाहूंगा। हम आप सचिन के बारे में कुछ भी कहें, लेकिन इस खिलाड़ी ने ड्रेसिंग रूम में जो सम्मान अर्जित किया है वह पता चलता है। उनके संन्यास की खबर के बाद युवी भी प्रेस कांफ्रेंस में काफी भावुक हो गया था। यह दर्शाता है कि वह अच्छे क्रिकेटर के साथ-साथ कितने अच्छे इंसान भी हैं।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर