पाक क्रिकेटर कनेरिया का भारत दौरा बना रहस्य
पाकिस्तान के प्रतिबंधित लेग स्पिनर दानिश कनेरिया का अपने परिवार सहित अचानक भारत दौरे पर जाना रहस्य बन गया है।
कराची। पाकिस्तान के प्रतिबंधित लेग स्पिनर दानिश कनेरिया का अपने परिवार सहित अचानक भारत दौरे पर जाना रहस्य बन गया है, हालांकि उनके भाई ने दावा किया कि वह कुछ धार्मिक कार्यों के लिए वहां गए हैं।
कनेरिया, उनकी पत्नी, बच्चों और मां ने रविवार की रात को भारत के लिए उड़ान पकड़ी और कहा जा रहा है कि अभी वे कोच्चि में हैं। लेकिन अटकलें लगायी जा रही हैं कि यह प्रतिबंधित खिलाड़ी आजीविका के लिए भारत गया है और वह वहीं बसना चाहता है।
कनेरिया ने एक न्यूज चैनल से बात करते हुए कहा कि, "मेरा परिवार कुछ धार्मिक कार्यों के लिए भारत आया है, जिसमें लगभग दस दिन का समय लगेगा। हमारी वापसी की तिथि अभी तय नहीं है।" कराची में एक तेल कंपनी में कार्यरत उनके भाई विक्की कनेरिया ने भी बताया कि वह धार्मिक कारणों से निजी दौरे पर हैं। लेकिन उन्होंने इस पर आगे बात करने से इन्कार कर दिया।
भारत के उनके दौरे को लेकर इसलिए अटकलबाजियां लगायी जाने लगीं, क्योंकि मीडिया रिपोर्टे्स के अनुसार दानिश कनेरिया ने इस साल के शुरू में कहा था कि हिन्दू होने के कारण उन्हें भारत में सही न्याय मिलता। कनेरिया को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) से मदद नहीं मिली और उन्होंने कहा था कि यदि वह हिन्दू नहीं होते तो बोर्ड उनके मामले को अलग ढंग से संभालता।
लेग स्पिनर ने इस साल अप्रैल में प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को भी पत्र लिखा था, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला।
पाकिस्तान की तरफ से 61 टेस्ट मैच खेलने वाले कनेरिया पर 2012 में इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने स्पॉट फिक्सिंग के लिए आजीवन प्रतिबंध लगा दिया था। उन्होंने इसके बाद प्रतिबंध हटाने के लिए दो बार अपील की, लेकिन उसे खारिज कर दिया गया।
इसके अलावा कनेरिया एक और मुकदमे का सामना कर रहे हैं। ईसीबी ने सिंध हाई कोर्ट में याचिका दायर कर पाक क्रिकेटर से मामले पर खर्च और मुआवजे के तौर पर दो लाख पौंड (लगभग 19 करोड़, 39 लाख रुपये) की मांग की है।