विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 20, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

तैयार हो जाओ महामुकाबले के लिए, आमने-सामने द्रविड़-सचिन

By Edited By:
Published: Fri, 20 Sep 2013 09:03 PM (IST)Updated: Sat, 21 Sep 2013 09:50 AM (IST)

स्पॉट फिक्सिंग प्रकरण से उबरने की कोशिश में जुटी राजस्थान रॉयल्स आज से शुरू हो रही चैंपिंयस लीग टी-20 के ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जयपुर। स्पॉट फिक्सिंग प्रकरण से उबरने की कोशिश में जुटी राजस्थान रॉयल्स आज से शुरू हो रही चैंपिंयस लीग टी-20 के पहले मुकाबले में आइपीएल-6 की चैंपियन मुंबई इंडियंस से भिड़ने को तैयार है। इस मुकाबले में सबसे खास यह है कि दोनों टीमों में भारतीय क्रिकेट के दो महानतम खिलाड़ी मौजूद रहेंगे। एक तरफ जहां मुंबई इंडियंस में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर होंगे तो दूसरी तरफ उनसे लोहा लेने के लिए दीवार के नाम से मशहूर राहुल द्रविड़। इस मैच में फैंस की नजरें, दोनों टीमों से ज्यादा इन दो खिलाड़ियों पर रहेंगी।

मुंबई इंडियंस के सचिन तेंदुलकर और राजस्थान के कप्तान राहुल द्रविड़ दोनों का ही यह आखिरी चैंपियंस लीग टूर्नामेंट है। दोनों ही टीमें अपने-अपने योद्धा को विजयी विदाई देने की फिराक में हैं, लिहाजा मुकाबला और भी खास होगा। आइपीएल-6 स्पॉट फिक्सिंग प्रकरण से राजस्थान रॉयल्स की छवि काफी खराब हुई है। इसमें शामिल राजस्थान के तेज गेंदबाज एस श्रीसंत और स्पिनर अंकित चव्हाण पर आजीवन प्रतिबंध लग चुका है, जबकि सिद्धार्थ त्रिवेदी पर एक साल का प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं अजित चंदीला के भविष्य पर अभी फैसला नहीं किया गया है।

अब कप्तान द्रविड़ के सामने टीम का मनोबल ऊंचा रखने की चुनौती होगी। मेजबान टीम के लिए राहत की बात यह है कि उसे इस टूर्नामेंट की शुरुआत अपने घरेलू मैदान से करनी है, जहां आइपीएल-6 में टीम ने एक भी मैच नहीं गंवाया था। द्रविड़ की सेना का इरादा सवाई मानसिंह स्टेडियम में विजयी क्रम बरकरार रखने का होगा और इसके लिए उसे ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर शेन वॉटसन, ब्रैड हॉज, स्टुअर्ट बिन्नी, जेम्स फॉल्कनर, केवोन कूपर और अजिंक्य रहाणे से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। घरेलू सत्र में सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल रहाणे रॉयल्स की बल्लेबाजी की धुरी हैं, जबकि वॉटसन ने आइपीएल-6 में 142.89 की औसत से 543 रन बनाए और 13 विकेट भी लिए थे।

स्थानीय खिलाड़ी अशोक मनेरिया ने इमर्जिंग ट्रॉफी और न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत-ए की ओर से गेंद और बल्ले दोनों से अच्छा प्रदर्शन किया। श्रीसंत, चव्हाण, चंदीला और त्रिवेदी के बिना राजस्थान की गेंदबाजी कमजोर हुई है। ऐसे में वॉटसन, फॉल्कनर और शॉन टैट पर अधिक जिम्मेदारी होगी।

दूसरी ओर, मुंबई के पास मजबूत टीम है और विभागों में जबरदस्त संतुलन है। सचिन के अलावा कीरोन पोलार्ड, कप्तान रोहित शर्मा, ड्वेन स्मिथ, दिनेश कार्तिक और अंबाती रायुडू बल्लेबाजी को मजबूत बनाते हैं। मुंबई को लसिथ मलिंगा की कमी खलेगी जिनकी जगह तेज गेंदबाजी की कमान मिशेल जॉनसन संभालेंगे। स्पिन गेंदबाजी का जिम्मा हरभजन सिंह और प्रज्ञान ओझा पर होगा।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा (कप्तान), सचिन तेंदुलकर, अबु नेचिम, नाथन कूल्टर, ऋषि धवन, हरभजन सिंह, मिशेल जॉनसन, दिनेश कार्तिक, ग्लेन मैक्सवेल, प्रज्ञान ओझा, अक्षर पटेल, कीरोन पोलार्ड, अंबाती रायुडू, ड्वेन स्मिथ और आदित्य तारे।

राजस्थान रॉयल्स : राहुल द्रविड़ (कप्तान), स्टुअर्ट बिन्नी, केवोन कूपर, जेम्स फॉल्कनर, ब्रैड हॉज, विक्रमजीत मलिक, अशोक मनेरिया, अंजिक्य रहाणे, संजू सैमसन, राहुल शुक्ला, शॉन टैट, प्रवीण तांबे, शेन वॉटसन और दिशांत यागनिक।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर