यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 11, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डायरिया ने ली एक की जान, आधा दर्जन आक्रांत

शिवहर, संवाद सहयोगी : सदर अस्पताल में बुधवार को डायरिया से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिसकी पहचान हरनाही गांव के जगदीश राम पिता मोहन राम के रूप में हुई है। वहीं नगर पंचायत वार्ड 8 के आलिम खां, अनुआनी की विभा देवी, शिवहर की सुमित्रा देवी आदि का इलाज चल रहा है। कुछेक मरीजों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। आज सदर अस्पताल में एक-एक कर डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ती चली गयी। वार्ड की स्थिति ऐसी कि वहां रहना मुश्किल। अफरातफरी का माहौल, मरीज और परिजनों की भागम भाग देखकर लगा कि कोई बड़ी अनहोनी न हो जाये और आखिरकार जगदीश राम की मौत हो गई। परिजनों की चीख- पुकार से हॉस्पीटल में कोहराम मच गया। कुछ परिजन अस्पताल प्रबंधन को कोस रहे थे कोई मृतक की तकदीर को, किसी का इशारा बदलते मौसम और खानपान पर भी था।
सिविल सर्जन डा.आरपी श्वेतांकी ने बताया कि सारी बीमारियां की जड़ में स्वच्छता का अभाव या फिर लापरवाही है। मरीज डायरिया ओर उलटी से आक्रांत था। उसकी स्थिति नाजुक हो चुकी है। जिसे बचाया नहीं जा सका। शेष मरीजों को दवाईयां दी गई। कुछ स्वस्थ होकर घर को जा चुके हैं। सिविल सर्जन ने बताया कि अभी तापमान बढ़ने व पानी की कमी से डायरिया का प्रकोप बढ़ गया है। स्वच्छ और भरपूर मात्रा में पानी पीये मक्खी वाले या फिर वासी भोजन न ले। ओआरएस घोल का प्रयोग करें, जो सभी पीएचसी सहित आशा, एएनएम एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को उपलब्ध कराया गया है।
