यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 09, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जापानी इंसेफलाइटिस से नवजात के मौत की आशंका

संवाद सूत्र, रसूलपुर (सारण) : रसूलपुर थाना क्षेत्र के चैनवा हसडीला गांव में तेज बुखार से एक बच्चे की मौत व एक अन्य के पीड़ित होने को लेकर गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में जापानी इंसेफलाइटिस को लेकर काफी दहशत है। उधर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक का कहना है कि जांच रिपोर्ट के बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चैनवा हसडीला गांव निवासी उपेंद्र साह का नौ माह का पुत्र तेज बुखार से पिछले कुछ दिनों से पीड़ित था। मंगलवार को तेज बुखार के कारण उसकी मौत हो गयी, जबकि गांव के प्रेमचंद शर्मा के 11 वर्षीय पुत्र की भी हालत काफी नाजुक है। उसे भी काफी तेज बुखार है। गांव में इस बात को लेकर दहशत है कि कहीं जापानी इंसेफलाइटिस का प्रकोप तो गांव में नहीं हो गया है। गांव के लोग काफी दहशत में हैं। इस संबंध में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डा. मोहसिन अंसारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट के बाद ही सही बात सामने आएगी। इसके बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है।
