विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 18, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नेपाल से भारत में घुसने की फिराक में आइएस आतंकी

By Kajal KumariEdited By:
Published: Fri, 18 Dec 2015 07:47 AM (IST)Updated: Fri, 18 Dec 2015 09:54 AM (IST)

नेपाल में चल रहे मधेशी आंदोलन के हिसंक होने का फायदा उठाकर आइएस आंतकी भारतीय सीमा में प्रवेश करने की ...और पढ़ें

News Article Hero Image

पूर्णिया [राजीव कुमार]। नेपाल में चल रहे मधेशी आंदोलन के हिसंक होने का फायदा उठाकर आइएस आंतकी भारतीय सीमा में प्रवेश करने की ताक में हैं। उनकी योजना नए साल के जश्न के मौके पर आंतकी हमला करने की है।

आतंकियों की मंशा विफल करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नेपाल सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) को अलर्ट करते हुए चौकस रहने का निर्देश दिया है। इस चेतावनी पर एसएसबी ने नेपाल सीमा पार कर आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखना शुरू कर दिया है। एसएसबी गहन जांच अभियान भी चला रही है। इसमें खोजी कुत्तों की मदद भी ली जा रही है।

गृह मंत्रालय ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि नेपाल में मधेशियों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। भारत-नेपाल सीमावर्ती इलाकों में बड़ी संख्या में मधेशी रहते हैं, इसी का फायदा आइएस के आतंकी उठा सकते हैं।

रिपोर्ट के अनुसार आतंकी सीमा से सटे झापा क्षेत्र का उपयोग भारत में दाखिल होने के लिए कर सकते हैं। इसके लिए आइएस ने हूजी एवं इंडियन मुजाहिदीन जैसे आंतकी संगठनों से हाथ मिला लिया है।

अब वह नेपाल के रास्ते सीमा में प्रवेश कर नए वर्ष के अवसर पर सीमावर्ती क्षेत्रों में हूजी एवं इंडियन मुजाहिदीन के स्लीपर सेल के सहयोग से आतंकी हमले करने की फिराक में हैं।

जानकारी के अनुसार गृह मंत्रालय ने सभी भीड़ वाले क्षेत्रों, रेस्तरां, सीमावर्ती इलाकों से चलने वाली प्रमुख ट्रेनों समेत देश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी कड़ी चौकसी बरतने का निर्देश दिया है।

गृह मंत्रालय की रिपोर्ट पर बाद राज्य पुलिस मुख्यालय ने सभी सीमावर्ती जिलों को होटलों में रहने वालों की सूची का हर दिन सत्यापन करने व किसी इलाके में अगर किसी अपरिचित का आगमन होता है तो उसके संबंध में तत्काल सत्यापन कराने का निर्देश दिया है।

इसके अलावा प्रमुख सरकारी कार्यालयों के आसपास वाहन खड़े करने पर भी पूरी तरह से रोक लगाई गई है। खासकर लावारिस वाहनों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है।

इनका कहना है...

नेपाल में मधेशी आंदोलन का फायदा उठाकर किसी भी आंतकी संगठन के आंतकियों के सीमा में प्रवेश करने की गृह मंत्रालय की सूचना पर सभी सीमावर्ती जिलों को सतर्क कर उन्हें कड़ी चौकसी बरतने को कहा गया है।

- अमित जैन, पुलिस महानिरीक्षक, दरभंगा प्रक्षेत्र