यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 09, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पूर्णिया:मल्हरिया गांव डायरिया की चपेट में, एक की मौत, दो दर्जन बीमार

बायसी (पूर्णिया), संस : बायसी अनुमंडल अंतर्गत मल्हरिया पंचायत का वार्ड नंबर 12 डायरिया की चपेट में आ गया है। डायरिया से पीड़ित बच्ची पूजा कुमारी (8)की मौत शनिवार को हो गई। जबकि दो दर्जन से अधिक लोग पीड़ित हैं। कई पीड़ितों का इलाज पूर्णिया के प्राइवेट क्लिनिकों में चल रहा है। जबकि कई गरीब परिवारों के पीड़ितों का गांव में भी इलाज चल रहा है। जिसमें कई की हालत गंभीर बतायी गई है। यद्यपि सूचना मिलने पर बायसी पीएचसी से डा. शहनवाज के नेतृत्व में मेडिकल टीम गांव भेजी गई है।
पीएचसी प्रभारी डा. शमशाद आलम ने बताया कि जानकारी मिलते ही डायरिया की दवाओं के साथ मेडिकल टीम को गांव भेज दिया गया है। जरूरत पड़ी तो वहां कैंप भी लगाया जाएगा। पिछले तीन-चार दिनों से मल्हरिया गांव के वार्ड नंबर 12 में डायरिया ने पांव पसार रखा है। उल्टी-दस्त होने के बाद लोगों की हालत बिगड़ जाती है। फिलहाल गांव के दो दर्जन से अधिक लोग इसकी चपेट में है। शनिवार को राजेंद्र मंडल की 8 वर्षीय पुत्री पूजा कुमारी की हालत काफी बिगड़ गई तथा उसने दम तोड़ दिया। जिसके बाद गांव में दहशत फैल गया। पीड़ितों में बैजनाथ विश्वास की 10 वर्षीया पुत्री प्रियंका कुमारी, विद्यानंद विश्वास की 28 वर्षीया पत्नी वीणा देवी, सूर्यानंद विश्वास का 15 वर्षीय पुत्र शत्रु कुमार, बैजनाथ प्रसाद का 7 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार, जगन्नाथ विश्वास की 35 वर्षीया पत्नी पतसिया देवी, कृष्णानंद की 20 वर्षीया पुत्री पुष्पा देवी, 65 वर्षीया मैनी देवी, उपेंद्र मंडल की पत्नी लक्ष्मी देवी, उपेंद्र विश्वास की पत्नी अनिता देवी, विरेंद्र मंडल का 18 वर्षीय पुत्र सचिन कुमार, 45 वर्षीया मनीषा देवी सहित दो दर्जन से अधिक लोग शामिल हैं।
