यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 17, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अब चलती ट्रेन में भी काटे जा सकेंगे टिकट
अब टीटीई चलती ट्रेन में टिकट जांच के अलावा यात्रियों की टिकट भी काट सकेंगे। इसके लिए रेलवे उन्हें हैंडहेल्ड ...और पढ़ें

भागलपुर। अब टीटीई चलती ट्रेन में टिकट जांच के अलावा यात्रियों की टिकट भी काट सकेंगे। इसके लिए रेलवे उन्हें हैंडहेल्ड मशीन उपलब्ध करा रही है। फिलहाल राजधानी व शताब्दी एक्सप्रेस में चलने वाले टीटीई को यह मशीन दी जा रही है। धीरे-धीरे अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों में भी यह व्यवस्था उपलब्ध कराने की योजना है। इसकी खरीदारी के लिए बजट भी आवंटित कर दिया गया है। इसकी सूचना महाप्रबंधक स्तर के अधिकारियों को दे दी गई है।
हैंडहेल्ड मशीन वाइ-फाइ के माध्यम से रेलवे के मुख्य सरवर से जुड़ी होगी। नई व्यवस्था लागू होने से टीटीई की मनमानी पर भी काफी हद तक रोक लग सकेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने कई ट्रेनों में वाइ-फाइ सेवा शुरू की है। इससे यात्री बिना किसी कनेक्शन के चलती ट्रेन में लैपटाप या टैबलेट पर इंटरनेट का प्रयोग कर सकते हैं। इंटरनेट के माध्यम से आम यात्रियों के लिए सुविधा बढ़ाने की भी रेलवे ने योजना बनाई है। नई व्यवस्था से रेलवे के काम में पारदर्शिता आएगी।
इस संबंध में मालदा रेल मंडल के डीआरएम राजेश अर्गल ने बताया कि फिलहाल राजधानी व शताब्दी एक्सप्रेस में टीटीई को हैंडहेल्ड मशीन उपलब्ध कराई जा रही है। फेज वाइज काम चल रहा है। दूसरी महत्वपूर्ण ट्रेनों में चलने वाले टीटीई को भी हैंडहेल्ड मशीन उपलब्ध कराई जाएगी।
मिलेगी किस-किस तरह की सुविधा
- हैंडहेल्ड मशीन से सीट की उपलब्धता व टिकट जांच के अलावा चलती ट्रेन में टिकट भी काटा जा सकेगा।
- टीटीई जुर्माने की रसीद बना सकेंगे।
- चलती ट्रेन में यात्रियों की टिकट का यात्रा विस्तार हो सकेगा।
- ट्रेन में ही यात्रियों को वापसी का सामान्य टिकट भी मिल जाएगा।
- आरक्षित यात्रियों की सूची व खाली बर्थ की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे टीटीई
