मानसून की पहली बारिश में भीगा बिहार, जल्द होगी अच्छी बारिश
लंबे इंतजार के बाद प्रदेश के उत्तरी इलाके में आखिरकार मानसून ने दस्तक दे दी। सोमवार को भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा और सुपौल में झमाझम बारिश हुई है।
पटना। लंबे इंतजार के बाद प्रदेश के उत्तरी इलाके में आखिरकार मानसून ने दस्तक दे दी। सोमवार को भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा और सुपौल में झमाझम बारिश हुई है।
सबसे ज्यादा बारिश 29.3 भागलपुर और औरंगाबाद में हुई। मौसम विभाग के अनुसार तीन दिनों में मानसून पटना समेत पूरे बिहार में आ जाएगा। हालांकि अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र गहरा हो रहा है जिसके कारण शुरुआती मानसून में ज्यादा बारिश नहीं होगी। उम्मीद है कि 26 जून से 1 जुलाई तक राज्य में अच्छी बारिश होगी।
मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक एके सेन ने बताया कि बिहार के उत्तरी इलाके में मानसून के आगमन की घोषणा कर दी गई है। शुरुआती कमजोर मानसून के बाद 26 जून से अच्छी बारिश की संभावना है।
इस साल बिहार के उत्तरी इलाके में मानसून 11 दिन देर से आया। मगर जून के अंतिम सप्ताह और जुलाई में भरपूर बारिश होगी। अगस्त-सितंबर में बारिश में कुछ कमी हो सकती है। इस साल बिहार में मानसून के दौरान 82 प्रतिशत बारिश का अनुमान है।
राजधानी में सुबह से ही उमड़-घुमड़ रहे काले-काले बादलों की आवाजाही आसपास मानसून की मौजूदगी की सूचना दे रही थी। दोपहर होते-होते इसका एहसास भी करा दिया। मानसून के आगमन की सूचना से ही मौसम सुहाना हो गया है। तेज गति से चलती ठंडी पूरवइया ने उमस भरी गर्मी से बहुत हद तक राहत दिलाई है। पटना में 1.8 मिमी बारिश हुई।
प्रमुख शहरों के तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
पटना 35.0 28.0
भागलपुर 31.0 27.8
गया 33.3 27.9
मुजफ्फरपुर 36.8 28.3
पूर्णिया 33.6 26.5
फारबिसगंज 38.2 26.0
सुपौल 35.5 23.0
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)