यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 22, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
चार कदम बढ़ने में दिन में नजर आ जाते चांद-तारे
कुर्जी मोड़ से पाटलिपुत्र गोलंबर तक रास्ता पार करने में दिन चांद-तारे नजर आ जाते हैं।

पटना। कुर्जी मोड़ से पाटलिपुत्र गोलंबर तक रास्ता पार करने में दिन चांद-तारे नजर आ जाते हैं। कारण वही जाम, जाम, जाम..। जाम से कराहती इस सड़क पर कुछ मिनटों का रास्ता आधा घंटे में पूरा होता है। इस रोड में जाम के तीन स्पाट हैं। स्कूली बच्चे जाम में हमेशा फंसे रहते हैं। हाल यह है कि फुटपाथ भी कब्जे में हैं। सड़क किनारे ठेले-खोमचे वाले जगह घेर लेते हैं और जाम की स्थिति को और दुरूह बना देते हैं। इस सड़क को कैसे जाम से मुक्ति दिलाई जाए, इसकी कवायद प्रशासन करता आज तक नहीं दिखा।
---कुर्जी मोड़ टू पाटलिपुत्र गोलंबर---
जाम स्थल
एक : कुर्जी मोड़ से बो¨रग रोड में प्रवेश करना मुश्किल है। आधे से अधिक सड़क ऑटो वालों के कब्जे में रहती है। इस कारण कुजी मोड़ हमेशा जाम रहता है। यातायात पोस्ट के बावजूद ऑटो वालों की मनमर्जी चलती रहती है। उनका स्टैंड नहीं है। थोड़ा सा आगे नगर सेवा की बसें सड़क पर ही लगी रहती हैं।
तीन : लोयला हाईस्कूल के बाहर ऑटो और वैन सड़क पर ही लगे रहते हैं। इस कारण यहां स्कूल बंद होने तक जाम की स्थिति बनी रहती है।
तीन : पीएण्डएम मॉल के सामने सड़क पतली है। उस पर अस्थाई डिवाइडर बना है। उस सकरी सड़क पर ऑटो स्थाई रूप से खड़े रहते हैं। इस कारण यहां जाम लगा रहता है।
चार : साई मंदिर के पास मोड़ पर महाजाम लगा रहता है। राजीव नगर की तरफ से भी वाहन आते हैं। गाड़ियां यहां रेंगती है। पॉलिटेक्निक मोड़ जाम रहता है। मोड़ से आगे बढ़ती है तो एक स्कूल के कारण यहां जाम लग जाता है। इस जाम से आगे निकलने पर आराम से पाटलिपुत्र गोलंबर वाहन पहुंच जाते हैं।
------------------
---पाटलिपुत्र गोलंबर टू कुर्जी मोड़---
जाम स्थल
एक : साई मंदिर मोड़ जाम का असर कुछ दूर पहले ही देखने को मिलता है। यहां सड़क के किनारे ई-रिक्शा खड़े रहते हैं। राजीव नगर की तरफ से वाहन आते-जाते हैं। मुख्य सड़क कुर्जी मोड़ की तरफ जाती है। यहां लोग जाम में फंस जाते हैं। साई मंदिर से आगे बढ़ने पर गाड़ियों की रफ्तार थोड़ी बढ़ जाती है।
दो : पीएण्डएम मॉल के पास गाड़ियों की रफ्तार कम हो जाती है। रेंगते हुए आगे बढ़ती है। मॉल में जाने वाले लोग भी यहां गाड़ियां खड़ी कर उतरते नजर आते हैं। यहां हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है।
तीन : मॉल से कुर्जी मोड़ के पहले तक ठेला और दुकानें सड़क में लगी रहती हैं। इस कारण गाड़ियां तेज रफ्तार नहीं पकड़ पाती है। कई स्थानों पर गाड़ियां क्रॉस भी करती हैं।
चार : कुर्जी मोड़ पर दाएं और बाई तरफ वाहन जाते हैं। बाएं तरफ मुख्य मोड़ पर फल के ठेले लगे रहते हैं। इस कारण वाहनों को मोड़ने में परेशानी होती है। कई अवरोध के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है।
---साई मंदिर टू राजीव नगर---
जाम स्थल
एक : साई मंदिर के पास राजीव नगर की तरफ प्रवेश कर पाना और निकल पाना मुश्किल होता है। यहां हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है।
दो : साई मंदिर से आगे बढ़ने के बाद कूड़ा बॉक्स सड़क पर है। यह भी जाम का कारण है। साथ ही दुर्घटना का कारण बना रहता है।
तीन : राजीव नगर रेलवे गुमटी के पास सड़क सकरी है। इस कारण दोनों तरफ जाम की स्थिति बनी रहती है।
चार : गुमटी से नाला तक जाम लगा रहता है। गाड़ियां हमेशा रेंगती रहती हैं। शाम में स्थिति और भयावह हो जाती है। राजीव नगर के लोगों के पास रास्ता का भी कोई विकल्प नहीं है।
----------------
बोले यात्री
-साई मंदिर जाम से राहत दिलाना होगा। ऑटो सड़क पर खड़े रहते हैं। ऑटो वाले जाम के बाद भी यात्री उतारते हैं। यातायात पुलिस मूकदर्शक बनी रहती है।
विजय सिंह
- मॉल के सामने सकरी सड़क के पास किसी भी स्थिति में ऑटो खड़ा रखने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए। ऑटो वाले जाम का कारण है।
अजीत कुमार
- मॉल से कुर्जी मोड़ तक सड़क पर ठेले और दुकानें सजती है। जाम लगेगा ही। प्रशासन कुछ नहीं करती है। सड़क को छोड़ देना चाहिए।
उदय शंकर
राजीव नगर आने-जाने का मात्र एक रास्ता है। रेलवे गुमटी तक शाम में पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। वाहन से आने जाने वालों की परेशानियां जाम में फंसने से बढ़ जाती है।
रमेश कुमार
