सोनिया- राहुल गांधी ने PM मोदी पर लगाया था 'ये' आरोप, बिहार में हुआ मुकदमा
खगड़िया की अदालत में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एक मामला दायर किया गया है। उनपर आरोप है कि उन्होंने पीएम मोदी पर गंभीर आरोप लगाए थे।
खगडिय़ा [जेएनएन]। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर खगडिय़ा की एक अदालत में वाद दायर किया गया है। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) कोर्ट ने मामले में सुनवाई की अगली तारीख 28 फरवरी मुकर्रर की है।
मुकदमे के वादी खगडिय़ा के मधुर कुमार ने बताया कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने गुजरात के मेहसाणा में 21 दिसंबर 2016 को भाषण के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी पर अक्टूबर 2013 व फरवरी 2014 के बीच सहारा समूह से नौ बार में करोड़ों की रिश्वत लेने का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि आयकर विभाग के पास इसके पर्याप्त साक्ष्य हैं।
यह भी पढ़ें: बिहार से जुड़े जाली नोट के इंटरनेशनल रैकेट के तार, पटना में एक गुर्गा गिरफ्तार
वाद में कहा गया कि उस समय केंद्र की बागडोर डॉ. मनमोहन सिंह संभाल रहे थे। सोनिया व राहुल गांधी कांग्रेस के मजबूत स्तंभ थे। यदि मामला प्रमाणित था तो उसी समय नरेंद्र मोदी पर कार्रवाई होनी चाहिए थी। वाद में आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष का भाषण असत्य व भ्रामक था। इससे विदेशों तक में देश की छवि खराब हुई।
सीजेएम की अदालत में सूचक के अधिवक्ता ने 18 जनवरी 2017 को हुई पहली सुनवाई के दौरान दोनों नेताओं पर भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत संज्ञान लेने का आग्रह किया था। अब कोर्ट ने इसपर सुनवाई के लिए 28 फरवरी की तारीख मुकर्रर की है।
यह भी पढ़ें: बिहार सरकार के मंत्री ने कहा, अब शहाबुद्दीन से मिलने जाएंगे तो बता देंगे