प्रियंका चोपड़ा ने कहा - हिंदी फिल्मों में कम अश्लीलता होती है क्या?
भोजपुरी फिल्मों में अश्लीलता के बारे में बोलते हुए प्रियंका चोपड़ा ने कहा कि लटके-झटके मुझे भी बहुत पसंद है। हिंदी फिल्मों में कम अश्लीलता होती है क्या? इसमें गलत कुछ भी नहीं है।
पटना [काजल]। बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने कहा कि मैं बिहार की बेटी हूं, बिहार से मेरा भावनात्मक लगाव है, मैंने पैदा होते ही बिहार को ही देखा है। प्रियंका ने कहा कि मेरा जन्म और मेरी प्रारंभिक पढ़ाई संयुक्त बिहार के जमशेदपुर में हुई है, इसलिए बिहार ही मेरा पहला घर है।
गुरुवार को पटना में बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम लिमिटेड के कार्यालय मॉरिसन भवन में फिल्म स्क्रीनिंग हॉल के उद्घाटन के अवसर पर प्रियंका ने कहा कि बिहार की ऐतिहासिकता एवं रोचकता से मैं परिचित हूं। बिहार में फिल्म निर्माण की असीम संभावनाएं हैं।
भोजपुरी मेरी मां की मातृभाषा है
भोजपुरी फिल्म का निर्मात्री तो बन गई, अभिनय कब करेंगी, इस सवाल का जवाब में प्रियंका ने कहा कि भोजपुरी फिल्म में अच्छी स्क्रिप्ट मिली तो अभिनय भी करूंगी। भोजपुरी मेरी मां की मातृभाषा है, ऐसे में मुझे इससे खास लगाव है। यही कारण है कि बतौर निर्माता, मेरी पहली फिल्म भोजपुरी है।अपने बैनर पर्पल पेब्बल द्वारा निर्मित पहली भोजपुरी फिल्म बम बम बोल रहा है काशी... के प्रमोशन के मौके पर फिल्म के गाने में द्विअर्थी बोल पर उठे सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि यह क्षेत्रीय फिल्मों की जरूरत है। लटके-झटके मुझे भी बहुत पसंद हैं। हिंदी फिल्मों में कम अश्लीलता होती है क्या? इसमें गलत कुछ भी नहीं है।
क्षेत्रीय दर्शकों के लिए बनाई फिल्म
प्रमोशन इवेंट में प्रियंका ने कहा कि यह फिल्म क्षेत्रीय लोगों को ध्यान में रखकर बनायी गयी है, जिसमें इंटरटेनमेंट है। मैं एंटरटेनमेंट और बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में विश्वास करती हूं, इसलिए फिल्म का विषय संजीदा नहीं रखा गया है।
दुबई में हुई है गाने की शूटिंग
फिल्म की सह निर्मात्री और प्रियंका चोपड़ा की मां डॉ. मधु चोपड़ा ने कहा कि फिल्म की शूटिंग गुजरात में हुई, गाना रिलीज दुबई में हुआ और फिल्म का प्रोमोशन बिहार से। फिल्म पूरे देश की खुशबू समेटे है।
फिल्म प्रमोशन के मौके पर फिल्म की स्टार कास्ट भी पहुंची थी। फिल्म में दिनेश लाल यादव निरहुआ, आम्रपाली दुबे, अंतरा बनर्जी और सीमा सिंह मुख्य भूमिका में हैं। अंतरा की यह पहली फिल्म है।
क्रिएटिविटी पर रोक नहीं होनी चाहिए
फिल्म 'उड़ता पंजाब' विवाद पर बोलते हुए प्रियंका ने कहा कि क्रिएटिविटी पर किसी तरह की कैंची नहीं चलानी चाहिए। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की तरह कला और रचनात्मक स्वतंत्रता कलाकारों को होना चाहिए। इससे ही कला का विकास संभव है।
बिहार में करना चाहती हैं अगली फिल्म की शूटिंग
प्रियंका ने कहा, "अगली फिल्म की शूटिंग बिहार में की जा सकती है, इसके लिए बिहार सरकार से भी बात हो रही है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो शूटिंग बिहार में होगी।" वैसे, प्रियंका का मानना है कि कोई भी फिल्म की कहानी बताने के लिए रियल लोकेशन में शूटिंग जरूरी नहीं होती।
बिहार सरकार ने मदद का दिया भरोसा
राज्य के कला और संस्कृति मंत्री शिवचंद्र राम ने कहा कि प्रियंका चोपड़ा बिहार की बेटी हैं। इसी तरह वे बिहार आती रहें। यहां आकर फिल्में बनाएं, बिहार सरकार उन्हें हरसंभव मदद करेगी। राज्य सरकार कला, संस्कृति एवं सिनेमा को लेकर बेहद गंभीर है। जल्द ही हम फिल्म निर्माण नीति बनाने वाले हैं।
इस अवसर पर प्रियंका चोपड़ा ने कला संस्कृति विभाग की ओर से प्रकाशित बिहार के स्मारक पुस्तक का लोकार्पण भी किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।