दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प, थाना प्रभारी सहित ढ़ाई दर्जन जख्मी
पश्चिम चंपारण के योगापट्टी थाने के अमैठिया गांव में रविवार को आस्था स्थल के प्रतीक चिह्न को उखाडऩे को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प व रोड़ेबाजी हुई। इ ...और पढ़ें

पश्चिम चंपारण। योगापट्टी थाने के अमैठिया गांव में रविवार को आस्था स्थल के प्रतीक चिह्न को उखाडऩे को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प व जमकर रोड़ेबाजी हुई। इसमें दोनों पक्षों के करीब ढाई दर्जन लोग घायल हो गए। ईंट -पत्थर लगने से योगापट्टी थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह भी घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव है।
डीएम लोकेश कुमार सिंह, एसपी विनय कुमार, एसडीओ सुनील कुमार, एसडीपीओ संजय कुमार झा, बीडीओ रामानुज कौशिक सहित छह थानों की पुलिस स्थिति नियंत्रण के प्रयास में जुटी है। प्रशासन ने मकान एवं आस्था स्थल को हुई क्षति की वीडियोग्राफी भी कराई है। गांव पुलिस छावनी में तब्दील है। डीएम व एसपी थाने में दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने के प्रयास में लगे थे। घायलों में दो लोगों को बेतिया रेफर कर दिया गया है।
यह है मामला
गांव में सड़क के दोनों ओर दो पक्षों के आस्था स्थल हैं। एक स्थल से गिरने वाले पानी को रोकने के लिए प्रथम पक्ष द्वारा शनिवार से मिट्टी गिराई जा रहा थी, ताकि छठ व्रतियों को आने -जाने में परेशानी नहीं हो। सबकुछ ठीक था, लेकिन रविवार को दूसरे पक्ष ने विरोध कर दिया और प्रथम पक्ष के आस्था स्थल पर लगे प्रतीक चिह्न को उखाड़ कर फेंक दिया।
इससे आक्रोशित प्रथम पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के पास गए। बातचीत चल रही थी कि हिंसक झड़प व रोड़ेबाजी होने लगी। इसमें प्रथम पक्ष पक्ष के योगेंद्र यादव, नंदकिशोर प्रसाद, वीरेश्वर यादव, राजकुमार साह, मंगलू राम, सुमन शर्मा, कन्हैया शाह, निखिल कुमार, मुकेश शर्मा आदि घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष के आफताब आलम, युसूफ अंसारी, सद्दाम अंसारी, रफीक अंसारी, कलाम मियां आदि को चोटें आईं।
एसपी ने कहा
"अमैठिया का विवाद कोई बड़ा मुद्दा नहीं है। मामूली विवाद को तूल दे दिया गया। घायल दो लोगों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। विवाद खड़ा करनेवालों को चिह्नित किया जा रहा है। ताकि, नामजद प्राथमिकी दर्ज हो। गांव में पुलिस बल की तैनात है।"
- विनय कुमार (एसपी, बेतिया)

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।