यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 27, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मीडिया के सामने रो पड़े अशोक चौधरी, सीपी जोशी के खिलाफ उठाई अंगुली
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाये जाने के बाद मीडिया से बात करते हुए अशोक चौधरी रो पड़े। उन्होंने कहा ...और पढ़ें

पटना [जेएनएन]। बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष पद से हटाए जाने के साथ ही डॉ. अशोक चौधरी के सुर बगावती हो गए हैं। उन्होंने खुद को पदमुक्त किए जाने को दलितों का अपमान बताया और बिहार कांग्रेस प्रभारी सीपी जोशी पर कई तरह के आरोप लगाए। मीडिया से बात करते हुए वे रो पड़े।
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे कांग्रेस नहीं छोड़ेंगे और पार्टी में रहकर ही दलित विरोधी नेताओं का पर्दाफाश करेंगे। राजद प्रमुख लालू प्रसाद के चिरकुट वाले बयान पर भी अशोक ने सख्त आपत्ति जताई।
हटाने के तरीके पर एतराज
डॉ. चौधरी ने पद से हटाने के आलाकमान के फैसले का स्वागत किया, लेकिन कहा कि जिस तरह से उन्हें हटाया गया वह ठीक नहीं था। उनकी दो पीढिय़ों ने सत्तर साल तक कांग्रेस की सेवा की। उन्होंने अपने चार साल के कार्यकाल में किए गए कार्यों का बयान करते हुए कहा कि बीस सालों में जितने भी अध्यक्ष प्रदेश कांग्रेस में आए उन्होंने पार्टी को उस ऊंचाई पर नहीं पहुंचाया जितना पार्टी उनके कार्यकाल में पहुंची। विधानसभा में सदस्यों की संख्या 27 तक गई जबकि विधान परिषद में छह।
बिहार में भी लुटिया डुबाएंगे
उन्होंने कहा पिछले छह महीने से उन्हें पार्टी से हटाने के लिए सीपी जोशी दबाव बना रहे थे। लेकिन मैंने उन्हें साफ कर दिया था कि मैं राहुल गांधी के निर्देश पर ही इस्तीफा दूंगा। जिसके बाद एक व्यक्ति विशेष को अध्यक्ष बनाने के लिए मेरे खिलाफ साजिश रची गई। आलाकमान को गुमराह कर मुझे बदनाम किया गया। ये वे लोग हैं जिनकी वजह से असम, मणिपुर और बंगाल में कांग्रेस की हार हुई, वे लोग बिहार में भी लुटिया डुबाने की कोशिश में लगे हैं।
दलितों के सम्मान की चिंता करें
उन्होंने कहा राहुल गांधी दलितों के घर भोजन कर संदेश देना चाहते हैं कि वे समानता के पक्षधर हैं और समावेशी विकास चाहते हैं। पर पार्टी के अंदर सीपी जोशी जैसे नेता भी हैं जो दलितों का अपमान करते हैं। कांग्रेस को यदि दलितों, पिछड़ों और मुसलमानों की राजनीति करनी है तो पार्टी के अंदर इन तबके के लोगों के सम्मान की चिंता भी करनी होगी।
जोशी के खिलाफ मुहिम
डॉ. चौधरी ने कहा वे शांत नहीं रहेंगे। आलाकमान से मिलकर उन्हें सीपी जोशी जैसे नेताओं की करनी और कथनी का सच बताएंगे कि किस प्रकार पार्टी में दलितों को अपमानित किया जा रहा है। उन्होंने साफ किया वे कांग्रेस में रहेंगे और कार्यकर्ता की हैसियत से सीपी जोशी जैसे दलित विरोधी नेताओं के खिलाफ अपनी मुहिम चलाएंगे।
राजद से संबंध पर भी भड़के
एक सवाल पर डॉ. चौधरी ने कहा राजद प्रमुख लालू प्रसाद जैसे नेता कांग्रेस नेताओं को चिरकुट कहते हैं। इस बारे में आलाकमान को सोचना चाहिए कि वे किसके साथ चलने की बात कर रहे है। उन्होंने कहा पार्टी प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने सोनिया गांधी और राहुल गांधी से कहा था कि पार्टी के पास अभी तीन साल हैं। पार्टी को अकेले काम करना चाहिए। जब चुनाव होंगे तो किसके साथ एलायंस करना है तय किया जाएगा।
