विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 18, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पटना को स्मार्ट बनाने की दौड़ में जापान व स्पेन की एजेंसियां भी

By JagranEdited By:
Published: Sat, 18 Nov 2017 03:10 AM (IST)

पटना शहर को स्मार्ट कौन सी एजेंसी बनाएगी, 20 नवंबर तक इसके लिए प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसलटेंट का चयन हो जाएगा।

पटना को स्मार्ट बनाने की दौड़ में जापान व स्पेन की एजेंसियां भी
पटना को स्मार्ट बनाने की दौड़ में जापान व स्पेन की एजेंसियां भी

पटना । पटना शहर को स्मार्ट कौन सी एजेंसी बनाएगी, 20 नवंबर तक इसके लिए प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसलटेंसी (पीएमसी) एजेंसी का चयन कर लिया जाएगा। स्मार्ट सिटी मिशन योजना के तहत पटना को विकसित करने के लिए कई विदेशी कंपनियों ने रुचि दिखाई है। पीएमसी के लिए जापान, स्पेन सहित कई देशों की कंपनियां दौड़ में शामिल हो गई हैं। कुल पांच कंपनियों में से एक कंपनी को शहर को स्मार्ट बनाने का जिम्मा मिलेगा।

पीएमसी के लिए शुक्रवार को तकनीकी निविदा खुली। पांच कंपनियां अर्हता पूरी कर इसमें शामिल हुई हैं। वित्तीय निविदा के निष्पादन के बाद पीएमसी का चयन होगा। स्मार्ट सिटी परियोजना का कार्यावयन प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसलटेंसी के माध्यम से होना है। इसमें पीपीपी ट्रांसपोर्टेशन, हाउसिंग, अर्बन ट्रांसपोर्टेशन, फाइनेंस, आधारभूत संरचना आदि विषयों पर 43 विशेषज्ञ रहेंगे।

प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसलटेंसी (पीएमसी) के लिए पांच कंपनियां तकनीकी रूप से सफल रही है। इसमें आइएल एंड एफएस टेक्नोलॉजीस लिमिटेड का आइआइडीसीएल तथा प्राइस वाटर हाउस कूपर प्राइवेट लिमिटेड के साथ ज्वाइंट वेंचर है। दूसरी कंपनी स्पेन की इप्तिशा सर्विसियस डी इंजीनियरिया एसएल है। इसके साथ इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन कर्नाटक का ज्वाइंट वेंचर है। तीसरी कंपनी के रूप में टीपीएफ गेटिंसा यूरोएस्ट्यूडियस एसएल है। इसका रौडिक कंसल्टेंट एवं फोट्रेस इंफ्रास्ट्रक्चर एडवाइजरी सर्विसेज के साथ ज्वाइंड वेंचर है। चौथी कंपनी एसआरइआई इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंशियल लिमिटेड है। यह कोलकाता की कंपनी है। इसका मेसर्स जेपीएस एसोसिएट नई दिल्ली तथा सीनेट इंफोटेक प्राइवेट लिमिटेड के साथ ज्वाइंट वेंचर है। पांचवीं कंपनी के रूप में जापान की वैपकॉस लिमिटेड है। इसका निप्पो डाटा सिस्टम लिमिटेड एवं इंटरनेशनल कंसल्टेंट एंड टेक्नोलॉजीस प्राइवेट लिमिटेड के ज्वाइंट वेंचर है।

: वित्तीय निविदा निष्पादन के लिए कमेटी गठित :

वित्तीय निविदा निष्पादन के लिए नगर आयुक्त पटना की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया किया गया है। प्रबंध निदेशक बुडको, अपर नगर आयुक्त, वित्त विभाग के प्रतिनिधि, नगर निगम के फाइनेंशियल कंट्रोलर, नगर निगम के मुख्य अभियंता शामिल किए गए हैं।

------------

: शहर की 16 सड़कें बनेंगी स्मार्ट :

पटना : चयनित एजेंसियों के माध्यम से सर्वप्रथम राजधानी की 16 सड़कों का चौड़ीकरण एवं उनका सौंदर्यीकरण करते हुए उन्हें स्मार्ट बनाया जाएगा। यह फैसला बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की बैठक में लिया गया। बैठक में शहर की 16 महत्वपूर्ण सड़कों को स्मार्ट बनाने के बिंदु पर पथ निर्माण विभाग के प्रस्ताव पर विचार किया गया।

स्मार्ट होने वाली सड़कों में टीएन बनर्जी पथ, एसपी वर्मा रोड, सिन्हा लाइब्रेरी रोड, बंदर बगीचा रोड, हार्डिग रोड (आर.ब्लॉक से जीपीओ), चिनाकोठी मार्ग (बुद्ध मार्ग से मंदिरी नाला तक), विद्यापति मार्ग, बुद्धमार्ग (अशोक सिनेमा हॉल तक), बुद्ध मार्ग (पुलिस लाइन तक), गांधी मैदान के चारों तरफ, फ्रेजर रोड (एसपी वर्मा रोड गोलंबर से गांधी मैदान तक), अमरनाथ रोड, जमाल रोड, न्यू डाकबंगला रोड, एक्जीबिशन रोड का नाम शामिल है।

---------

: बोर्ड ऑफ डायरेक्टर के चार निदेशकों का किया गया स्वागत :

पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की दूसरी बैठक की अध्यक्षता कंपनी के अध्यक्ष सह प्रमंडलीय आयुक्त आनंद किशोर ने की। इसमें निदेशक के रूप में पटना मेयर सीता साहू, जिलाधिकारी संजय कुमार अग्रवाल, बुडको प्रबंध निदेशक अमरेंद्र कुमार सिंह, भारत सरकार के प्रतिनिधि संजय शर्मा थे। इसके साथ ही कंपनी के एमडी अभिषेक सिंह, नगर विकास विभाग के उप सचिव केडी प्रोज्जवल आदि ने भी बैठक में भाग लिया।

---------

तीसरे चरण में पटना शहर का चयन स्मार्ट सिटी के लिए किया गया है। इतनी तेजी से काम होगा कि दोनों चरणों से पटना आगे निकल जाएगा। इसी वजह से निर्णय फटाफट लिए जा रहे हैं। पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की पहली बैठक 14 नवंबर तो दूसरी बैठक तीन दिन के अंतराल पर की गई। कंपनी बनने की घोषणा दस नवंबर को की गई।

- आनंद किशोर, अध्यक्ष, पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड सह प्रमंडलीय आयुक्त