आज बूथ कमेटी के अध्यक्षों व पन्ना प्रमुखों से सीधा संवाद करेंगे पीएम मोदी, सम्राट चौधरी ने दी जानकारी
बिहार में लोकसभा चुनाव की तैयारियां जोरो पर है। राजनीतिक पार्टियां फतेह हासिल करने के लिए कमर कस ली हैं। इसी क्रम में पीएम मोदी आज बूथ कमेटी के अध्यक्षों व पन्ना प्रमुखों से सीधा संवाद करेंगे। इसकी जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने दी है। इस बातचीत के जरिए वह चुनाव को लेकर की जा रही तैयारियों के बारे में जानेंगे।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार विजय के लिए भाजपा की इतनी सूक्ष्म तैयारी है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तक निचले स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे और उन्हें चुनावी जीत की रणनीति समझा रहे। इस कड़ी में मंगलवार को वह बिहार में पार्टी की सभी बूथ कमेटी के अध्यक्षों और पन्ना प्रमुखों से सीधा संवाद करेंगे।
सम्राट चौधरी ने दी जानकारी
संवाद के लिए प्रधानमंत्री छह बजे शाम में नमो एप, नमो टीवी के साथ अपने ऑफिशियल यू-ट्यूब चैनल 'नरेन्द्र मोदी' से लोगों से जुड़ेंगे। उप मुख्यमंत्री सह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।
यह है पीएम मोदी के संवाद का उद्देश्य
10,896 शक्ति केंद्र प्रमुख, 80 हजार पन्ना प्रमुख, 77,391 बूथ कमेटी के अध्यक्ष और 1136 मंडल कमेटी के अध्यक्ष प्रधानमंत्री से जुड़ने वाले हैं।
उनमें से पश्चिम चंपारण जिला के दो-तीन बूथ कमेटी अध्यक्षों व पन्ना प्रमुखों से प्रधानमंत्री की बातचीत भी होगी। इनमें नौतन विधानसभा क्षेत्र की जमुनिया पंचायत के बूथ संख्या-222 के अध्यक्ष धर्मेंद्र पासवान भी हैं।
इस संवाद का मुख्य उद्देश्य लोकसभा चुनाव की तैयारियों को जानना-समझना और उसे गति देना है। सीधे संवाद से प्रधानमंत्री कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार और उनका मार्गदर्शन करेंगे।
सम्राट ने कहा कि भाजपा प्रदेश के सभी 40 संसदीय क्षेत्रों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के प्रत्याशियों की जीत के लक्ष्य के साथ अपनी रणनीति को धार दे रही है। प्रधानमंत्री से संवाद को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है और वे प्रबल उत्कंठा से उस पल की प्रतीक्षा कर रहे।
ये भी पढ़ें: