'CAA से किसी को डरने की जरूरत नहीं...', उप मुख्मंत्री सम्राट चौधरी बोले- ये नागरिकता लेने का नहीं, देने का है कानून
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर अपना बयान दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त किया और विज्ञप्ति जारी कर कहा कि यह कानून अफगानिस्तान बांग्लादेश और पाकिस्तान से भारत आए धार्मिक आधार पर प्रताड़ित हिंदू सिख बौद्ध जैन पारसी और ईसाई शरणार्थियों को नागरिकता देगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। DY Cm Samrat Chaudhary On CAA: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त किया है।
विज्ञप्ति जारी कर सोमवार को उन्होंने कहा कि यह कानून अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान से 31 दिसंबर, 2014 से पहले भारत आए धार्मिक आधार पर प्रताड़ित हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई शरणार्थियों को नागरिकता देने के लिए लाया गया है।
भाजपा ने 225 वादे किए पूरे
कोरोना के कारण इस कानून को लागू करने में देरी जरूर हुई, मगर भाजपा ने 2019 के अपने 234 वादों में से 225 से ज्यादा को पूरा कर दिया है। सीएए से किसी को डरने की जरूरत नहीं है।
यह दशकों से पीड़ित शरणार्थियों को पुनर्वास और नागरिकता की कानूनी बाधाओं को दूर कर सम्मानजनक जीवन देगा।
जदयू ने सीएए का किया स्वागत
जदयू ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) का स्वागत किया है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि केंद्र सरकार ने मानवीयता के आधार पर भारतीय नागरिकता कानून को 2019 में संशोधित किया था। इसके तहत ऐसे व्यक्तियों का ख्याल रखा गया है जो वर्षों से प्रताड़ना के शिकार थे। इस निर्णय से विश्व समुदाय का भारत के प्रति सम्मान एवं विश्वास उत्पन्न हुआ है।