CM नीतीश से मिले अजित सिंह के बेटे जयंत, JDU, RLD, JVM के विलय पर बढ़ी बात
यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए जदयू, रालोद और झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) विलय की राह पर हैं। इसकी घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन बातचीत का दौर जारी है। इसी सिलसिले में बुधवार को रालोद सुप्रीमो अजित सिंह के बेटे जयंत चौधरी पटना में थे।
पटना। यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए जदयू, रालोद और झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) विलय की राह पर हैं। इसकी घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन बातचीत का दौर जारी है। इसी सिलसिले में बुधवार को रालोद सुप्रीमो अजित सिंह के पुत्र जयंत चौधरी व दामाद पटना में थे। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से करीब तीन घंटे मुलाकात की।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अजित सिंह के बेटे जयंत चौधरी से बातचीत हुई। बैठक में जदयू महासचिव केसी त्यागी शामिल थे। बैठक में राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर भी उपस्थित थे।
जदयू के महासचिव व सांसद केसी त्यागी ने बताया कि बैठक में दलों के विलय को लेकर बातचीत हुई। बातचीत सही दिशा में लगातार हो रही है।
विलय के पहले रैलियां तय
विदित हो कि इस विलय की घोषणा मार्चै के अंत तक हो जाने की उम्मीद है। इसके पहले उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव के लिए नए दल की कुछ रैलियां भी तय की जा चुकी हैं। ये रैलियां मेरठ, लखीमपुर खीरी, बस्ती और वाराणसी में रैलियां होंगी। जदयू सूत्रों के अनुसार, इन रैलियों को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और शरद यादव आदि संबोधित करेंगे।
मार्च अंत तक विलय की घोषणा
रालोद का पश्चिमी यूपी, जदयू का बिहार और झारखंड विकास मोर्चा का झारखंड में प्रभाव है। अलग-अलग क्षेत्रों में आधार रखने वाले ये तीनों दल विलय करके नई पार्टी के गठन पर सहमत हो गए हैं। इसका औपचारिक एलान इसी माह के अंत तक होने की संभावना है।
नए दल में शरद यादव को राष्ट्रीय अध्यक्ष और चौधरी अजित सिंह को संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष बनाया जा सकता है। मरांडी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मरांडी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और केसी त्यागी प्रमुख महासचिव हो सकते हैं।
नए दल के नेताओं की नजर पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और कमजोर तबके पर है। किसानों, खासतौर से जाट, कुर्मी और अन्य पिछड़ी जातियों को जोड़ने की योजना है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में चार रैलियां निर्धारित की गई हैं।