यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 26, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सुगौली में अज्ञात बीमारी से अब तक 13 की मौत

मोतिहारी : सुगौली के बहुरुपिया में अज्ञात बीमारी से मरने का सिलसिला जारी है। अस्पताल में भर्ती दो लोगों की सोमवार की देर रात मौत हो गई। जबकि अस्पताल लाने के क्रम में एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या अब 13 पहुंच गई है। पांच अन्य पीड़ितों को मंगलवार को मोतिहारी व सुगौली के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
राज्य सरकार के निर्देश पर मुजफ्फरपुर से तीन सदस्यीय मेडिकल टीम के अलावा पटना से फोरेंसिक टीम भी सुगौली पहुंच गई है। दंडाधिकारी के नेतृत्व में सात टीमें गांव में कैंप कर रही हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने के मद्देनजर मुख्य सचिव एक सिन्हा ने जिलाधिकारी श्रीधर सी का पटना का कार्यक्रम रद कर उन्हें जिले में ही रहने का निर्देश दिया है। सदर अस्पताल में भर्ती फुलदेव महतो की आंखों की रोशनी जाने की सूचना है।
मामले ने राजनीतिक रंग लेना शुरू कर दिया है। मंगलवार को सांसद डा. संजय कुमार जायसवाल सुगौली पहुंचे और मृतक के परिवारों से मिले। उन्होंने बताया कि मंगलवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी यहां पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मिलेंगे। वहीं राजद नेताओं ने कहा कि तेजस्वी यादव भी सुगौली पहुंचेंगे। दूसरी ओर सत्ताधारी दल के किसी भी जनप्रतिनिधि के सुगौली नहीं पहुंचने से लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
