यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 09, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डायरिया से महिला समेत चार की मौत, कई बीमार

संवाद सहयोगी, नवादा : जिले के वारिसलीगंज प्रखंड के हाजीपुर गांव में फैली डायरिया की बीमारी से मंगलवार को दो महिला समेत चार की मौत हो गयी। बीमारी के तेजी से हो रहे फैलाव के कारण कई लोग जीवन मौत से संघर्ष कर रहे हैं। ग्रामीणों इसकी सूचना सिविल सर्जन को दे विशेष कैम्प की मांग की है। जिसके आलोक में चिकित्सकों के दल को रवाना किया गया है।
ग्रामीण वालेश्वर प्रसाद विभूति,उमेश सिंह,प्रभात कुमार आदि के अनुसार बीमारी का फैलाव होने की सूचना वारिसलीगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को देने के बावजूद किसी प्रकार की नोटिस नहीं लेने से ग्रामीण चिकित्सकों से इलाज कराने की मजबूरी में कारी देवी, सीताराम साहू की पत्नी, नरेश ठाकुर व मो.शकुर की मौत हो गयी जबकि दर्जनों लोग जीवन मौत से संघर्ष कर रहे हैं।
बता दें उमस भरी गर्मी व बरसात के इस मौसम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में डायरिया, पीलिया, मलेरिया, डेंगु के साथ वायरल बीमारियों का फैलाव तेजी से होता है। इन रोगों से पीड़ित लोगों का प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के साथ निजी क्लीनिकों में इलाज के लिये आना शुरू हो गया है। इस क्रम में वारिसलीगंज प्रखंड के हाजीपुर में पिछले दो दिनों के अन्दर महिला समेत चार की मौत के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की तंद्रा भंग नहीं होने से लोगों में विभाग के प्रति आक्रोश है। सिविल सर्जन डॉ. मधेश्वर प्रसाद शर्मा के अनुसार ग्रामीणों से मिली शिकायत के आलोक में चिकित्सकों के विशेष दल को रवाना किया गया है।
