यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 13, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मुजफ्फरपुर में एईएस से फिर दो बच्चों की मौत, एक भर्ती

मुजफ्फरपुर : एईएस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। एसकेएमसीएच के पीआइसीयू कक्ष में इलाजरत दो बच्चों की मौत रविवार को हो गई। एसकेएमसीएच में मृत बच्चों की संख्या 108 से बढ़ कर 110 पर पहुंच गई। वहीं अबतक मृतक बच्चों की संख्या 188 से बढ़कर 190 हो गई। मोतिहारी जिले के रक्सौल के पुनिर महतो का पुत्र सुकत महतो (5) एवं ढाका के रामईश्वर महतो का पुत्र दशरथ महतो (10) काल कवलित हो गया। वहीं, रविवार को समस्तीपुर के खानपुर थाना अंतर्गत नथूद्वार के बरकू अंसारी का पुत्र मोबारक इलाज के लिए पहुंचा।
विगत कई वर्षों से सैकड़ों नौनिहालों को गंवा चुके लोग अब यह सवाल करने लगे हैं कि क्यों नहीं थम रहा मौत का सिलसिला। जांच के नाम पर प्रतिवर्ष करोड़ों खर्च होने के बाद कारण तक का पता नहीं चल सका। पिछले वर्ष यहां आई एनसीडीसी व एनआइवी की टीम ने दावा किया था कि इस बार कारण का पता लगाकर की दम लेंगे। पीड़ित बच्चों का ब्लड व सीएसएफ सैंपल कई प्रयोगशालाओं में भेजा गया। परिणाम, ढाक के तीन पात। इस बार भी एनसीडीसी के साथ कई टीम आई। डाटा संग्रह किया। मगर, नतीजा कुछ नहीं निकला।
