यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 23, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
एईएस से फिर एक बच्चे की मौत

मुजफ्फरपुर, हप्र : एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रॉम (एईएस) का कहर जारी है। शनिवार को एसकेएमसीएच में साहेबगंज के बलथी नरहर गांव निवासी मो. सुलतान के सात वर्षीय पुत्र मो. सलमान को भर्ती कराया गया, वहीं केजरीवाल अस्पताल इलाज को पहुंची मुशहरी निवासी तारकेश्वर राम की दो वर्षीय पुत्री गूंजा की मौत हो गई। उक्त बीमारी से अबतक 153 बच्चों को दोनों अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है, जिसमें 55 की मौत हो चुकी है। एसकेएमसीएच शिशु विभागाध्यक्ष डॉ. ब्रजमोहन ने बताया कि सभी बच्चों का इलाज प्रोटोकॉल के तहत हो रहा है।
एनसीडीसी ने लिया जायजा :
दोनों अस्पताल में भर्ती बच्चों के परिजनों से मिलकर एनसीडीसी की टीम ने वहां की भौगोलिक स्थिति की जानकारी ली। इसमें उनके आवास, रहन-सहन, खान-पान, पोखर-तालाब से लेकर पेड़-पौधे तक के संबंध में पूछताछ की। टीम सदस्यों ने बताया कि बीमार मरीजों पर लगातार शोध चल रहा है।
सीएस ने भी जाना हाल :
दोनों अस्पताल पहुंचकर सिविल सर्जन डा. ज्ञान भूषण ने इलाजरत बच्चों के परिजनों से बातचीत की। साथ ही चिकित्सकों से किए जा रहे इलाज के संबंध में जानकारी ली और उसपर संतोष जताया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
