यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 09, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
एईएस के चार और मरीज भर्ती

फोटो 8बीवीए 8, 14, 15 में से
- डीएम पहुंचे एसकेएमसीएच, पीड़ित बच्चों का लिया हालचाल
मुजफ्फरपुर, हप्र : एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रॉम (एईएस) का बच्चों पर कहर जारी है। बुधवार को चमकी और बुखार की शिकायत के बाद चार और बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसकेएमसीएच और केजरीवाल अस्पताल में दो-दो मरीजों को भर्ती कराया गया। वही जिलाधिकारी अनुपम कुमार ने एसकेएमसीएच में बीमार बच्चों का हाल जाना।
मीनापुर थाना के मधुबनी गांव के सुरेश राम के पुत्र महाबीर (7 वर्ष) एवं कुढ़नी थाना के तुर्की गांव के राजेश मांझी की पुत्री अनिता कुमारी (15 माह) को एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया। वहीं मीनापुर के राघोपुर के लखींद्र राम की बेटी अन्नू कुमारी (8 वर्ष) और करजा चट्टी के मनोज राय के पुत्र अंकित कुमार (4 वर्ष) को केजरीवाल अस्पताल के एईएस वार्ड में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने सभी में एईएस के लक्षण के आधार पर इलाज शुरू कर दिया है। वहीं पूर्व से एसकेएमसीएच में भर्ती सीतामढ़ी जिला के डुमरा बलुआ गांव के ओम कुमार की स्थिति में सुधार के बाद उसे दूसरे वार्ड में भेज दिया गया। जबकि केजरीवाल में मंगलवार को भर्ती बोचहां के पटियासा की अर्चना कुमारी की स्थिति गंभीर बनी हुई है। डीएम अनुपम कुमार ने एसकेएमसीएच पहुंचकर पीड़ित बच्चों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी पीड़ित बच्चों का समुचित इलाज चल रहा है। बचाव के लिए जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। एसकेएमसीएच के अधीक्षक डॉ. जीके ठाकुर ने बताया कि यहां 24 घंटे इलाज व दवा की मुफ्त व्यवस्था है। एम्बुलेंस की सेवा भी उपलब्ध है।
एसकेएमसीएच में इन बच्चों का चल रहा है इलाज
-पारू थाना के चैनपुर चिउटहा के शत्रुघ्न प्रसाद की पुत्री मधु कुमारी।
-मीनापुर के हजरतपुर गांव के रामछबिला सहनी की पुत्री आरती कुमारी।
-मीनापुर थाना के मधुबनी गांव के सुरेश राम के पुत्र महाबीर।
-कुढ़नी थाना के घरमुंहा तुर्की गांव के राजेश मांझी की पुत्री अनिता कुमारी।
सदर अस्पताल की नर्सो
का प्रशिक्षण शुरू
मुजफ्फरपुर, हप्र : एईएस पीड़ित बच्चों के इलाज के लिए सिविल सर्जन ने तीन नर्सेज स्टाफ को एसकेएमसीएच भेजा है। वे आइसीयू में भर्ती बच्चों के विशेष केयर व इलाज संबंधी जानकारी ले रही हैं। इसमें ए ग्रेड नर्स आशा कुमारी, एएनएम अंचला कुमारी एवं एएनएम किरण कुमारी शामिल हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
