यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 10, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
तेज बुखार से एक बच्चे की मौत, कई भर्ती

जागरण संवाददाता, गोपालगंज: सदर अस्पताल में मंगलवार को तेज बुखार से पीड़ित एक बच्चे की मौत इलाज के दौरान हो गयी। इस बीच मंगलवार को बुखार से पीड़ित चार नये बच्चों को इमरजेंसी कक्ष में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। पिछले तीन दिन में बच्चों में तेज बुखार की संख्या बढ़ते देख चिकित्सक बीमारी की पहचान करने में लगे हुए हैं। चिकित्सक बीमार बच्चों के रक्त जांच की रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं। मंगलवार को सदर अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष में तेज बुखार से पीड़ित एक-एक कर सात से अधिक बच्चों को भर्ती कराया गया। जिसमें एक बच्चे की मौत इलाज के दौरान हो गई। मृतक बच्चा जंगलिया मोहल्ले के राजू वर्मा का एक वर्षीय पुत्र छोटू बताया जाता है। सदर अस्पताल के चिकित्सक डा. इम्तेयाज ने बताया कि मंगलवार को बुखार से पीड़ित बच्चे को निजी क्लीनिक से सदर अस्पताल रेफर किया गया था। बच्चे की स्थिति पहले से ही काफी नाजुक थी। नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे आक्सीजन चढ़ाया गया। चिकित्सक ने बच्चे को बचाने की पूरी कोशिश की। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। इसी बीच इमरजेंसी कक्ष में बुखार से पीड़ित जगरनाथा गांव के योगेन्द्र राउत की बेटी पूजा कुमारी, जादोपुर के बरई टोला के राजेश यादव के पुत्र राजू कुमार सहित सात से अधिक बच्चों को भर्ती किया गया। इस संबंध में पूछे जाने पर सिविल सर्जन डा. विभेष कुमार ने बताया कि तेज बुखार से पीड़ित बच्चों की संख्या को बढ़ते देख बीमारी की पहचान के लिए जांच करने का आदेश दिया गया। बच्चों का ब्लाड टेस्ट कराया जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी स्पष्ट हो पाएगी। वैसे सभी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है।
