यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 19, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ट्रकों के फंसने से फिर महाजाम में फंसा एनएच 28

जागरण संवाददाता,गोपालगंज : 36 घंटे से लगा महाजाम मंगलवार को टूटने के एक दिन बाद बुधवार को फिर से एनएच 28 महाजाम में फंस गया। बुधवार को सड़क के गड्ढों में ट्रकों के फंसने से कुचायकोट के सासामुसा बाजार से लेकर बरौली के मिर्जापुर तक 24 किलो मीटर तक वाहनों की कतारें लग गयी है। छोटे वाहन ग्रामीण इलाकों की सड़कों से होकर निकलने की कोशिश में लगे हुए हैं। लेकिन इन सड़कों की दशा भी खराब होने से छोटे वाहनों के भी फंसने की आशंका दिखने लगी है।
यूपी की सीमा से जिले में प्रवेश करते ही एनएच 28 की बदहाली शुरू हो जाती है। बथना से लेकर मिर्जापुर तक इस सड़क की दशा ऐसी हो गयी है कि इस पर से गुजरने वाले वाहन कब हादसे के शिकार बन जाएं कहना मुश्किल है। जाम लगना इस हाइवे की नियति बन गयी है। बीते रविवार को सड़क के गड्ढों में ट्रकों के फंसने यह हाइवे महाजाम में फंस गया था। पुलिस के काफी प्रयास के बाद लगा महाजाम मंगलवार को टूटने से वाहनों का पहिया सरकना शुरू हुआ। लेकिन अगले ही दिन बुधवार को सड़क के गड्ढे में ट्रकों के फंसने का सिलसिला शुरू हो जाने से यह हाइवे फिर से महाजाम में फंस गया। जाम के कारण सासामुसा बाजार से लेकर मिर्जापुर तक सैकड़ों वाहनों की कतारें लग गयी है। छोटे वाहन ग्रामीण सड़कों से निकल कर जाम से बचने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन ग्रामीण सड़कों की दशा भी बिगड़ने से इन सड़कों पर भी वाहनों के फंसने की आशंका दिखने लगी है। जाम को छुड़ाने के लिए पुलिस के जवान लगे हुए हैं। लेकिन सड़क की दशा ऐसी बन गयी है कि कब जाम टूटेगा और फिर कब यह हाइवे फिर से जाम में फंस जाएगा, कहना मुश्किल है।
अटक हुआ है पुनर्निमाण का कार्य
गोपालगंज : अर्द्धनिर्मित एनएच 28 का 33 करोड़ रुपये से पुर्ननिर्माण कराने का काम भी लटका हुआ है। जिले में आये शिक्षा मंत्री पीके शाही ने मिर्जापुर से इस पथ के पुर्ननिर्माण कार्य का शिलान्यास किया था। मंत्री ने शिलान्यास के साथ की पुननिर्माण कार्य शुरू होने की बात कही थी। लेकिन इसके बाद भी अभी तक काम शुरू नहीं हो सका है। जिसका खामियाजा इस जिले के लोग भुगत रहे हैं। बीते गुरुवार की रात से शुरू बारिश शनिवार तक होने से इस सड़क की दशा और बिगड़ गयी है। बारिश के बाद सड़क के गड्ढे में ट्रकों के फंसने से जाम का सिलसिला ऐसा शुरू हो गया है कि इस हाइवे से गुजरने वाले लोग कराह उठे हैं।
