यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 23, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आज से शुरू होगा एनएच 28 का पुनर्निर्माण

जागरण संवाददाता,गोपालगंज : जिले के लिए नासूर बने एनएच 28 का कायाकल्प होना अब कुछ समय की बात रह गयी है। आज शुक्रवार को सूबे के उर्जा मंत्री विजेन्द्र यादव और शिक्षा मंत्री प्रशांत कुमार शाही एनएच 28 के पुनर्निर्माण योजना का शुभारंभ करेंगे। एनएच के पुनर्निर्माण पर सूबे की सरकार 33 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसके साथ ही महम्मदपुर में अवर निबंधन कार्यालय का भी शुक्रवार को उद्घाटन किया जाएगा। महम्मदपुर में अवर निबंधन कार्यालय में काम शुरू हो जाने से वहां के लोगों को अब अपनी जमीन निबंधन कराने के लिए जिला मुख्यालय तक की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
यूपी की सीमा से जिले में प्रवेश करते ही एनएच 28 की बदहाली शुरू हो जाती है। निर्माण कंपनी द्वारा काम अधूरा छोड़ दिये जाने से बथना से लेकर मिर्जापुर तक यह सड़क गड्ढों में तब्दील हो गयी है। इस जर्जर पथ पर हुए हादसों में अब तक पांच सौ से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। दुर्घटना के शिकार बने एक हजार से अधिक लोग विकलांगता का जीवन जीने को विवश हो चुके हैं। इस हाइवे पर आये दिन दुर्घटना होना और जाम लगना नियति बन गयी है। लेकिन अब शायद ऐसा न हो। आज शुक्रवार को इस हाइवे का पुनर्निर्माण का काम शुरू हो जाएगा। जदयू विधायक मंजीत कुमार सिंह बताते हैं कि शुक्रवार को उर्जा मंत्री और शिक्षा मंत्री मिर्जापुर में इस पथ के पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ करेंगे। पुनर्निर्माण पर 33 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस राशि की स्वीकृति सरकार ने पहले ही दे दी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को ही महम्मदपुर में बने अवर निबंधन कार्यालय का उद्घाटन भी मंत्री करेंगे। महम्मदपुर में अवर निबंधन कार्यालय खुल जाने से इस इलाके के लोगों को अपनी जमीन का निबंधन कराने अब जिला मुख्यालय तक की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। विधायक ने बताया कि मंत्री के कार्यक्रम को लेकर जोर शोर से तैयारी की जा रही है। इस अवसर पर पूर्व प्रधान महासचिव पंकज कुमार राणा, हसीब अख्तर खान, अमरकांत पाण्डेय, केशव प्रसाद सिंह, भरत दास, राजकिशोर सिंह आदि भी मौजूद रहे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
