सुगौली व तुरकौलिया में निषेधाज्ञा
तुरकौलिया व सुगौली में दो पक्षों के बीच तनाव को नियंत्रित कर शांति बहाल करा लिया।
मोतिहारी। तुरकौलिया व सुगौली में दो पक्षों के बीच तनाव को नियंत्रित कर शांति बहाल करा लिया गया है। दोनों स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल व दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। वाहनों की सघन जांच की जा रही है। उक्त बातें जिला पदाधिकारी अनुपम कुमार व पुलिस अधीक्षक जितेंद्र राणा ने मंगलवा को संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कही। डीएम श्री कुमार ने कहा कि शांति बहाल कराने में जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्य के अलावा मीडिया व जिले की जनता भी बधाई की पात्र है। सुगौली में मंगलवार को मुखिया, उप मुखिया व अन्य प्रतिनिधियों की बैठक हुई, जिसमें सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों में इस प्रकार की घटना नहीं हो इसके लिए संकल्प लिया। रामगढ़वा में शांतिपूर्ण तरीके से प्रतिमा विसर्जन में भी सबकी भूमिका सराहनीय रही है। बावजूद इसके जिले में अलर्ट जारी है। तुरकौलिया व सुगौली में निषेधाज्ञा अभी लागू रहेगी। हर जगहों से फीड बैक प्राप्त की जा रही है। उपद्रवी तत्वों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वैसी पूजा समितियां जिन्होंने लाइसेंस लिया है और उसका अनुपालन नहीं किया है उनपर भी केस दर्ज किया गया है। तुरकौलिया व सुगौली दोनों स्थलों पर अलग-अलग नौ मामले दर्ज किए गए हैं। 247 लोग नामजद किए गए हैं, जिनमें 124 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। शेष लोगों की गिरफ्तारी को ले छापेमारी की जा रही है। डीएम व एसपी ने संयुक्त रूप से कहा कि असमाजिक तत्वों द्वारा जिस प्रकार तनाव उत्पन्न किया गया उनपर कड़ी कार्रवाई के साथ सांप्रदायिक सौहार्द भंग करने वालों का चिन्हित करने का कार्य चल रहा है।
तिथिवार घटना पर हुई अलग-अलग कार्रवाई
बताया गया कि तुरकौलिया में 12 व 13 अक्टूबर को दो पक्षों के बीच तनाव उत्पन्न करने का प्रयास किया गया। 12 अक्टूबर को सड़क जाम व हंगामें उस मामले में तीन कांड दर्ज किया गया है। दो प्रशासन के स्तर पर व एक मामला आम लोगों ने दर्ज कराया है। इन मामलों में 48 लोग नामजद किए गए हैं, जिनमें चार की गिरफ्तारी हुई है। शेष की गिरफ्तारी को ले छापेमारी चल रही है। 13 अक्टूबर को तुरकौलिया में तनाव उत्पन्न किया गया। पुलिस पर पथराव किया गया। इस मामले में दो मामले दर्ज किए गए हैं, जिसमें 63 लोग नामजद किए गए हैं। चार की गिरफ्तारी हो चुकी है। शेष की गिरफ्तारी को ले छापेमारी की जा रही है। रामगढ़वा में 11 अक्टूबर को तनाव उत्पन्न हुआ था, जिसमें एक मामला दर्ज हुआ, जिसमें चार लोग नामजद किए गए। 14 अक्टूबर को सुगौली में तनाव उत्पन्न करने वालों के खिलाफ एक मामले में 99 लोगों को नामजद किया गया, जिसमें 89 लोगों को गिरफ्तार किया गया। शेष दस लोगों की गिरफ्तारी को ले छापेमारी की जा रही है। 15 अक्टूबर को पुलिस, प्रशासन व मीडिया पर पथराव करने के मामले में एक मामला दर्ज किया गया, जिसमें 31 लोगों को नामजद किया गया। सभी की गिरफ्तारी हो चुकी है। साथ ही भारी संख्या में पेट्रोल बम, भाला, फरसा, तलवार, डंडे, चाकू, रॉड लुकार व बम बनाने वाले सामान जब्त किया गया। कहा गया कि चिन्हित अपराधी के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। अपराधी व गड़बडी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने साफ किया कि निषेधाज्ञा के दौरान एक स्थल पर पांच से अधिक लोग मजमा नहीं लगाएंगे। दुकानें खुल रही हैं और आम जन-जीवन सामान्य हो गया है।
रामगढ़वा की पूजा समितियों को मिला सम्मान
प्रशासन, पुलिस व आम लोगों के साथ पूजा समितियां भी रामगढ़वा में सहयोग की भूमिका में नजर आयी। डीएम श्री कुमार ने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर सबसे पहले मूíत विसर्जन करने वाले नवयुवक पूजा समिति को 51 हजार रुपये, हनुमान व एक अन्य पूजा समिति को 21 हजार व राम जानकी पूजा समिति को 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया है।