विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 03, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कन्हैया की जमानत पर बोली मां, मिलेगी क्लिन चिट, मुझे अपनी परवरिश पर भरोसा

By Kajal KumariEdited By:
Published: Thu, 03 Mar 2016 11:45 AM (GMT+05:30)Updated: Fri, 04 Mar 2016 07:54 AM (GMT+05:30)

जेएनयू के छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार को दिल्ली हाई कोर्ट से मिली छह माह की अंतरिम जमानत को ...और पढ़ें

News Article Hero Image

बेगूसराय। जेएनयू के छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार को दिल्ली हाई कोर्ट से मिली छह माह की अंतरिम जमानत को लेकर उसके गृह जिले में हर्ष का माहौल है। बेगूसराय में लोगों ने होली मनाई और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।

कन्हैया की रिहाई की खबर सुनकर उसके परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू हैं। उसकी मां मीना देवी ने कहा कि अभी तो केवल छह महीने की जमानत मिली है, लेकिन एक दिन कन्हैया इस मामले में बेदाग साबित होकर निकलेगा। मुझे अपनी परवरिश पर पूरा भरोसा है।

मां ने कहा कि उन्हें अपनी कोख पर गर्व है, उनका बेटा देशद्रोही नहीं है। लेकिन, उसके कई दुश्मन हो गए हैं, इसलिए उसे सुरक्षा मिलनी चाहिए।
पिता जयशंकर सिंह ने कहा कि उन्हें संविधान व न्यायालय पर पूरा भरोसा है। कन्हैया के भाई ने कहा कि उसे क्लीन चिट मिलनी चाहिए। कहा कि सत्य की जीत हुई है। आगे भी सत्य की ही विजय होगी।

कन्हैया की जमानत की खबर पर बीहट में परिजनों के साथ गांव के लोगों में भी खुशी की लहर है।

गांव में हर कोई एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर खुशी का इजहार करता दिखा। ग्रामीणों व परिजनों ने आतिशबाजी की।

कन्हैया की रिहाई की सूचना मिलने के बाद बेगूसराय जिले के विभिन्न दलों के नेताओं ने खुशी का इजहार किया। जमानत की सूचना मिलते ही भाकपा के जिला कार्यालय कार्यानंद भवन में पार्टी नेता व कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाइयां खिलाईं। इस दौरान भाकपा के राज्य परिषद सदस्य अनिल कुमार अंजान, पार्टी नेता रामनंदन सिंह, मुन्ना सिंह, आलोक कुमार, अर्जुन कुमार आदि भी मौजूद थे।

भाकपा के राष्ट्रीय नेता व पूर्व सांसद शत्रुघ्न प्रसाद सिंह ने कहा कि कन्हैया के लिए स्थाई जमानत याचिका दायर की गई थी। उन्होंने कहा कि उसके लिए अंतरिम जमानत की याचिका दायर नहीं की गई थी। इसपर न्यायालय को पुनर्विचार करना चाहिए।

भाकपा के राज्य परिषद सदस्य अनिल कुमार अंजान ने विश्वास व्यक्त किया कि कन्हैया को न सिर्फ स्थाई जमानत मिलेगी, बल्कि वह न्यायालय से दोषमुक्त भी होगा। माकपा नेता अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि कन्हैया का मामला पूरी तरह से सरकारी गंडागर्दी है। उन्होंने कहा कि कन्हैया की गिरफ्तारी जेएनयू जैसे प्रगतिशील विचार के मस्तक पर हमला है।

विधायक अमिता भूषण ने कहा कि कन्हैया की जमानत के बाद भाजपा सरकार का एक और चेहरा लोगों के सामने आया है। उन्होंने कही कि भारत की न्यायपालिका पर सबों को भरोसा रखना चाहिए। जदयू जिलाध्यक्ष भूमिपाल राय ने कहा कि कन्हैया की जमानत असत्य पर सत्य की जीत है। उसे स्थाई जमानत मिलनी चाहिए।

एआइएसएफ के प्रदेश उपाध्यक्ष अमीन हमजा व नगर अध्यक्ष सजग कुमार ने कहा कि कन्हैया की जमानत प्रथमदृष्ट्या उसकी बेगुनाही का सबूत है। इससे भाजपा, आरएसएस, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद व उनसे जुड़े संगठनों की पोल खुल गई है। ये लोग किसी को भी अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए देशद्रोही या आतंकवादी बना सकते हैं।