विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 23, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिमागी बुखार का कहर, दो बच्चे फिर मौत का शिकार

By Edited By:
Published: Mon, 23 Dec 2013 09:06 PM (IST)Updated: Mon, 23 Dec 2013 09:07 PM (IST)

News Article Hero Image

संवाद सूत्र, अररिया : जिले में दिमागी बुखार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। मुड़बल्ला और भाग मोहब्बत के बाद अब अररिया प्रखंड के बेलवा-रहिका बंगाली टोला में इसका कहर टूटा है। यहां एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे पूर्णिया और भागलपुर मेडिकल कॉलेज में इलाजरत थे। इन मासूमों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग सकते में और ग्रामीण दहशत में हैं।

स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में कैंप कर रही है। बुखार की शिकायत के बाद सोमवार को विभिन्न गांवों से आधा दर्जन बच्चे सदर अस्पताल में भर्ती हुए हैं। इनमें से एक की हालत चिंताजनक है।

जानकारी के अनुसार रहिका बंगाली टोला निवासी मु. मासूम की पांच वर्षीय बेटी सुहाना परवीन और मु. मुस्तकीम की बेटी पांच वर्षीय नीरा परवीन की मौत हो गई। जबकि मासूम के चार वर्षीय बेटे जमीर की हालत चिंताजनक है। वह अस्पताल में भर्ती है। जमीर के परिजन ने बताया कि तीन दिन पहले बच्चों को बुखार आया था। इस पर उन लोगों ने बच्चों को अररिया स्थित चिकित्सक एमए हयात को दिखाया। मगर हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद वे लोग डॉ. मोइज के यहां गए। वहां भी लाभ नहीं मिला। फिर डॉ. निरंजन के पास गए। इसके बाद पूर्णिया सदर अस्पताल गए। वहां से भागलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इस दौरान उल्टी, बुखार से बच्चे बेचैन रहे। वे अपने शरीर को नोचते थे। इलाज के दौरान दो बच्चों की मौत हो गई।

बच्चों की मौत की खबर सुनते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम सोमवार को गांव पहुंची। बीमार बच्चों जफीर, सानिया परवीन और हामिद को एंबुलेंस से सदर अस्पताल लाया गया।

मामले की जानकारी पाकर स्थानीय विधायक जाकिर अनवर, डीडीसी प्रभात कुमार महथा, एसडीओ संजय कुमार, मुखिया एजाज हुसैन आदि गांव पहुंचे। विधायक ने इन मौतों के लिए सरकार और जिला प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेदार बताया।

गौरतलब है कि इससे पहले मुड़बल्ला और भाग मोहब्बत गांव में पांच बच्चों की मौत दिमागी बुखार से हो गई थी।

------------------------

प्रभावित बच्चे

1. मु. जमीर, पिता- मु. मासूम, उम्र - चार वर्ष

2. सानिया परवीन, पिता-मु. महफूज, उम्र- पांच वर्ष

3. मु. हामिद, पिता-मु. मसूद, उम्र- चार वर्ष

4. रेशमी, पिता- मु. जब्बाद, उम्र- 7 वर्ष

5. मुंतजीर, पिता- मु. सज्जाद, उम्र - पांच वर्ष

6. लाड़ली, पिता - मु. सज्जाद, उम्र - 7 वर्ष

7. समा आजमी, पिता - मु. सज्जाद, उम्र- 3 वर्ष

8. शाहजहां बेगम, पिता- मु. कमरूल, उम्र - 10 वर्ष

9. राशदी, पिता- मु. वसीक , उम्र - 3 वर्ष

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर