यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 10, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
फारबिसगंज में रहस्यमय बुखार से तीन की मौत, एक दर्जन आक्रांत

जाप्र,रेणुग्राम (अररिया): वायरल इन्सेफ्लाइटिस ने सीमांचल में पांव पसारना शुरू कर दिया है। फारबिसगंज प्रखंड के पूरबी औराही पंचायत के कोसी धत्ता रहड़िया महादलित टोला में इस बीमारी से बीते एक हफ्ते के दौरान तीन बच्चे की मौत हो गई है। वहीं इस बीमारी से एक दर्जन से अधिक बच्चे अक्रांत है। सूचना पर गुरुवार को फारबिसगंज अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी हरिकिशोर सिंह द्वारा पांच सदस्यीय एक मेडिकल टीम को गांव भेजा गया। टीम ने बीमारी को वायरल इन्सेफ्लाइटिस बताया है। इस बीमारी से गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार रहड़िया टोला में बुधवार की शाम कृष्ण कुमारी ऋषिदेव (3 वर्ष) की मौत इस बीमारी से हो गई। मृतक के पिता रमेन्द्र ऋषिदेव ग्रामीण ताराचंद ऋषिदेव ने बताया कि इससे पूर्व करीब एक सप्ताह पहले भी गोविंद ऋषिदेव का लड़का रवि ऋषिदेव (5वर्ष) की मौत इसी प्रकार हुई थी। पीड़ित परिजन ने बताया कि बुधवार को उल्टी एवं पेट दर्द शिकायत बच्चे ने की। उसके बाद लंबी सांस लेने के बाद बच्चे की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि बीमारी से कई बच्चे अक्रांत हैं। जिनमें नीरज कुमार (10), गुड़िया (3), ज्योति (3), राम कुमार (6), रुचि कुमारी (1), चांदनी (1), अंजली (1), किशन (3), रिया (1) वर्ष आदि शामिल हैं। वहीं गंभीर से बीमार तीन बच्चों को परिजनों द्वारा पूर्णिया ले जाया गया। जिनमें पूजा (4) पिता इन्द्रदेव ऋषिदेव, गोलू (5 वर्ष) पिता पिंक ऋषिदेव शामिल हैं। जिनमें पूजा कुमारी की मौत पूर्णिया में इलाज के दौरान गुरुवार को होने की बात उनके दादा राजू ऋषिदेव ने बताई है। इधर ग्रामीणों की सूचना पर गुरुवार को गांव पहुंची डा. राहुल कुमार के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने बीमार बच्चे की जांच की तथा दवाई दी।
कहते हैं रेफरल प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी
फारबिसगंज अनुमंडल अस्पताल प्रभारी डा. हरिकिशोर सिंह ने बताया कि यह वायरल इंसेफ्लाइटिस नामक बीमारी है जो 7 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में संक्रमण के कारण होता है। उन्होंने बताया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और चाइल्ड स्पेशलिस्ट की एक और टीम गांव भेजी जा रही है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
