आपके व्यक्तित्व की खासियत बताएगा आपका पसंदीदा संगीत
संगीत के मामले में आपकी पसंद आपके व्यक्तित्व की कई खासियत बता सकती है। यह बात एक सर्वेक्षण में सामने आई है।
लंदन [प्रेट्र]। संगीत हमें तनाव से निकालने और सुकून पाने में मदद करता है। कुछ लोग हल्के और सॉफ्ट म्यूजिक को पसंद करते हैं तो कोई फास्ट के दीवाने होते हैं। संगीत के मामले में आपकी पसंद आपके व्यक्तित्व की कई खासियत बता सकती है। यह बात एक सर्वेक्षण में सामने आई है। इसमें बताया गया है कि सरल और सुकून पहुंचाने वाला संगीत सुनने वालों के बहिर्मुखी व्यक्तित्व का स्वामी होने की संभावना अधिक होती है, जबकि ओपेरा जैसा संगीत पसंद करने वाले ज्यादा कल्पनाशील होते हैं। इस सर्वेक्षण के आधार पर वैज्ञानिकों ने यह निष्कर्ष निकाला है कि लोगों की संगीत की पसंद से उनके व्यक्तित्व के बारे में सटीक अनुमान लगाया जा सकता है।
ब्रिटेन स्थित फिट्जविल्लियम कॉलेज के शोधकर्ताओं ने इस अध्ययन में दुनियाभर के 20 हजार लोगों को ऑनलाइन शामिल किया। इनमें आधे से ज्यादा की उम्र 22 साल से अधिक थी। शोध के दौरान लोगों के सामने 25 अलगअलग श्रेणियों का संगीत पेश किया गया। फिट्जविल्लियम कॉलेज के जेसन रेंटफ्रो की अगुआई वाली टीम ने सर्वेक्षण में पाया कि खुलापन पसंद करने वाले लोगों को जटिल और डायनमिक संगीत पसंद आया, लेकिन वेधीमे और मधुर संगीत से कम प्रभावित हुए। इसके अलावा बातूनी और ऊर्जावान लोगों ने सरल, आरामदेह और बिना गीत वाला संगीत सुनना पसंद किया। यह अध्ययन साइकोलॉजिकल साइंस नामक जर्नल में प्रकाशित किया गया है।