फ्रांस में पैगंबर मोहम्मद का कार्टून क्लास में दिखाने वाले शिक्षक की बेरहमी से हत्या
पुलिस सूत्रों के मुताबिक इतिहास की शिक्षक जिन्होंने पैगंबर मोहम्मद का क्लास में कैरिकेचर दिखाया था उनकी शुक्रवार को छुरा घोंपकर सिर काट कर हत्या कर दी गई। हालांकि इसके बाद हमलावर को पुलिस ने ढेर कर दिया।
पेरिस, रायटर। फ्रांस में एक स्कूल टीचर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इतिहास की शिक्षक, जिन्होंने पैगंबर मोहम्मद का क्लास में कैरिकेचर दिखाया था, उनकी शुक्रवार को छुरा घोंपकर सिर काट कर हत्या कर दी गई। हालांकि, इसके बाद हमलावर को पुलिस ने ढेर कर दिया। इस मामले पर टिप्पणी करते हुए फ्रांसीसी आतंकवाद-विरोधी अभियोजकों ने कहा कि स्कूल टीचर की बेरहमी से की गई इस हत्या की वे जांच कर रहे हैं। हमला पेरिस की सीमा पर शाम 5 बजे पर हुआ, जो कि फ्रांस की राजधानी के पश्चिमी उपनगर कॉनफ्लैंस सेंट-होनोरिन में एक स्कूल के पास है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिक्षिका इतिहास पढ़ाती थी, उन्होंने हाल ही में क्लास में पैगंबर मोहम्मद के बारे में विद्यार्थियों को बताया था। अभियोजकों ने कहा कि वे इस घटना को 'आतंकवादी संगठन से जुड़ी एक हत्या' और 'आतंकवादियों के साथ आपराधिक संबंध' के रूप में मान रहे हैं।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले पाकिस्तान में शार्ली एब्डो मैगजीन द्वारा पैगंबर मोहम्मद के विवादित कार्टून पब्लिश किए जाने के बाद हिंसक प्रदर्शन हुए थे। ग्लोबल वाच एनालिसिस के मुताबिक, मैगजीन द्वारा फिर से पैगंबर मोहम्मद के कार्टून पब्लिश किए गए हैं, इससे पहले 2015 में भी वो ऐसा कर चुकी है। दो सितंबर को वेबसाइट द्वारा कार्टून पब्लिश किए गए थे, जिसके बाद लोग गुस्से में आ गए और प्रदर्शन शुरू हो गए। ग्लोबल वाच एनालिसिस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रोलैंड जैक्वार्ड गोल्बल सिक्योरिटी कंसल्टिंग के चेयरमैन रोलैंड जैक्वार्ड ने बताया कि यह वही कार्टून हैं जो शार्ली एब्डो द्वारा साल 2015 में छापे गए थे, जिसके बाद उसके कार्यालय पर हमले हुए थे। बता दें कि शार्ली एब्डो फ्रांस की एक वीकली मैगजीन है।