बुकर पुरस्कार विजेता सलमान रुश्दी को ब्रिटेन के 'विंडसर कैसल' में मिला सम्मान, प्रिंसेस रॉयल ने किया सम्मानित
सलमान रुश्दी को महाराजा चार्ल्स तृतीय की बहन प्रिंसेस रॉयल ऐनी से सम्मान मिला। पिछले साल एक साहित्यिक कार्यक्रम के दौरान न्यूयॉर्क में रुश्दी पर चाकू से हमला किया गया जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
लंदन, पीटीआई। बुकर पुरस्कार विजेता लेखक सलमान रुश्दी ने दिवंगत महारानी एलिजाबेथ द्वितीय द्वारा पिछले साल जून में उन्हें सम्मानित किए जाने के लगभग एक साल बाद दक्षिण-पूर्व इंग्लैंड के विंडसर कैसल में एक अलंकरण समारोह में अपना शाही 'कंपेनियन ऑफ ऑनर' पुरस्कार प्राप्त किया।
मुंबई में जन्में रुश्दी को महाराजा चार्ल्स तृतीय की बहन 'प्रिंसेस रॉयल' ऐनी से मंगलवार को सम्मान मिला। पिछले साल एक साहित्यिक कार्यक्रम के दौरान न्यूयॉर्क में रुश्दी पर चाकू से हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
कुछ दिन पहले रुश्दी बहुत दिनों बाद न्यूयॉर्क में सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर आए थे। रुश्दी (75) को गुरुवार को मैनहट्टन में अमेरिकन म्यूजियम ऑफ नेचुरल हिस्ट्री में 2023 साहित्य उत्सव में 'पीईएन सेंटेनरी करेज अवार्ड' दिया गया था।
क्या किताब लिख रहे हैं सलमान रुश्दी?
लेखक ने कहा कि यह एक 'बड़ा सम्मान' था और राजकुमारी ऐनी को 'बहुत उदार' बताया। अपनी अगली किताब के बारे में पूछे जाने पर रुश्दी ने पुष्टि की कि उन्होंने फिर से पुस्तकें लिखना शुरू कर दिया है। जब उनसे पूछा गया कि अगली किताब कब तक पूरी होने की उम्मीद है तो उन्होने 'बीबीसी' से कहा कि मैं आपको बता दूंगा।