अपनी शादी में मिले 63 करोड़ रुपये के उपहार लौटा रहे प्रिंस हैरी, मेगन
ब्रिटेन के प्रिंस हैरी और अमेरिकी अभिनेत्री मेगन मार्केल ज्यादातर उपहारों को लौटा रहे हैं। इन उपहारों की कीमत 70 लाख पौंड (करीब 63 करोड़ रुपये) बताई जा रही है।
नई दिल्ली, जेएनएन। ब्रिटेन के प्रिंस हैरी और अमेरिकी अभिनेत्री मेगन मार्केल 19 मई को एक-दूजे के हो गए। उन्होंने शाही शादी में आमंत्रित अतिथियों से उपहार नहीं लाने का आग्रह किया था। इसके बावजूद केनसिंग्टन पैलेस में कई नामचीन हस्तियों और कंपनियों की ओर से भेजे गए महंगे उपहारों का अंबार लग गया है। अब दोनों ज्यादातर उपहारों को लौटा रहे हैं। इन उपहारों की कीमत 70 लाख पौंड (करीब 63 करोड़ रुपये) बताई जा रही है।
ब्रिटिश न्यूज वेबसाइट एक्सप्रेस के अनुसार, अब ड्यूक ऑफ ससेक्स और डचेज ऑफ ससेक्स ज्यादातर उपहारों को लौटा रहे हैं। इनमें ज्यादातर ऐसे वेडिंग गिफ्ट हैं जिन्हें प्रचार के इरादे से शाही जोड़े को भेजा गया है। प्रिंस हैरी और मेगन को स्विमवियर और बिकनी जैसे उपहार इस उम्मीद के साथ भेजे गए कि वे अपने हनीमून पर इन्हें पहनेंगे।
उपहार स्वीकारने को कड़े दिशा-निर्देश
शाही परिवार में उपहार स्वीकार करने के लिए कड़े दिशा-निर्देशों का पालन करना पड़ता है। हैरी के पिता प्रिंस चार्ल्स के शाही आवास केनसिंग्टन पैलेस के अनुसार, शाही परिवार का सदस्य जब उपहार स्वीकार करता है तो इस बात की सहमति देनी होती है कि इसका कोई व्यावसायिक उपयोग नहीं होगा। शाही परिवार के सदस्य को ब्रिटेन में रहने वाले उन लोगों के उपहार लेने नहीं चाहिए, जिन्हें वे निजी तौर पर नहीं जानते हैं। शाही परिवार सिर्फ 150 पौंड (करीब 13,445 रुपये) से कम कीमत वाले उपहारों को ही स्वीकार कर सकता है।
चैरिटी के लिए मुंबई के फाउंडेशन को चुना
ड्यूक ऑफ ससेक्स और डचेज ऑफ ससेक्स की उपाधि पाने वाले प्रिंस हैरी और मेगन ने शादी से पहले लोगों से आग्रह किया था कि वे उपहार भेजने की जगह जरूरतमंदों में धनराशि दान करें। इसी मकसद से उन्होंने चैरिटी के लिए मुंबई के मैना महिला फाउंडेशन समेत सात परोपकारी संस्थाओं को चुना है। यह फाउंडेशन मुंबई की झुग्गियों में रहने वाली महिलाओं के लिए काम करता है।