'मेरा जन्म ल्यारी में हुआ, कहानी बिल्कुल सच्ची', प्रोपेगेंडा के दावों के बीच धुरंधर के समर्थन में उतरा पाकिस्तानी पत्रकार
फिल्म 'धुरंधर' पर एकतरफा कहानी दिखाने के आरोपों के बीच, पाकिस्तानी पत्रकार आरिफ आजकिया ने फिल्म का समर्थन किया है।

प्रोपेगेंडा के दावों के बीच धुरंधर के समर्थन में उतरे पाकिस्तानी पत्रकार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। साल 2025 में रिलीज हुई अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही थी, जिसके बाद इसी साल मार्च में फिल्म का दूसरा भाग भी सिनेमाघरों में दस्तक दे चुका है।
कराची के ल्यारी इलाके में सक्रिय अपराध सिंडिकेट और वास्तविक जीवन की घटनाओं से प्रेरित फिल्म, पाकिस्तान में आतंकवाद के खिलाफ भारत की जंग को दिखाती है।
फिल्म धुरंधर पर जहां एकतरफा कहानी दिखाने के आरोप लगते रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तानी पत्रकार आरिफ आजकिया ने फिल्म के पक्ष में अपनी आवाज उठाई है। आरिफ ने कराची के लयारी इलाके के चित्रण का समर्थन करते हुए कहा है कि फिल्म की कहानी वास्तविकता के बेहद करीब है।
मेरा जन्म और पालन-पोषण ल्यारी में ही हुआ...: आरिफ आजकिया
टॉक जर्नलिज्म 2026 के मंच पर पत्रकार सौरभ द्विवेदी के साथ बातचीत के दौरान आरिफ ने यह बातें कहीं, जिसका वीडियो समाचार एजेंसी एएनआई द्वारा साझा किया गया है।
अपनी बात रखते हुए आरिफ आजकिया ने कहा कि मैं कराची के एक शहर का मेयर था और जिस समय अवधि की कहानी धुरंधर में दिखाई गई है, मैं उसी दौरान मेयर चुना गया था।
मेरा जन्म और पालन-पोषण लयारी में ही हुआ है, इसलिए मैं यह अच्छी तरह जानता हूं कि फिल्म में जो कुछ भी दिखाया गया है, वह पूरी तरह सच है।
मैं खुद को भारतीय मूल का मानता हूं, न कि पाकिस्तानी
अपनी पहचान और जड़ों के बारे में बात करते हुए आरिफ ने आगे कहा कि भले ही मेरा जन्म कराची में हुआ था, लेकिन मेरे माता-पिता का जन्म गुजरात के जूनागढ़ में हुआ था। यही वजह है कि मैं खुद को भारतीय मूल का मानता हूं, न कि पाकिस्तानी।
