लंदन: 28 साल, 30 देश और 50 हजार किमी; 56 की उम्र में पैदल दुनिया नापकर घर लौटे कार्ल बुशबी, मां से मिलते ही छलके आंसू
कार्ल बुशबी ने 28 साल और 50,000 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर दुनिया नापने का अपना जुनून साकार किया।

पैदल दुनिया नापने का जुनून
HighLights
कार्ल बुशबी ने 28 साल में 50,000 किमी पैदल यात्रा पूरी की।
56 साल की उम्र में मां के घर हल, इंग्लैंड लौटे बुशबी।
यात्रा में 4 महाद्वीप और 30 देश शामिल थे।
डिजिटल डेस्क, लंदन। कुछ सफर मंजिल तक पहुंचने के लिए नहीं, बल्कि अपने जुनून को पूरा करने के लिए शुरू किए जाते हैं। ब्रिटेन के कार्ल बुशबी ने 28 साल पहले ऐसा ही एक सपना देखा था—पूरी दुनिया पैदल नापने का।
अब 56 साल की उम्र में करीब 50 हजार किलोमीटर का सफर तय करने के बाद उनके कदम अपनी मां के घर पहुंचकर थमे। इंग्लैंड के पूर्वी तट पर बसे बंदरगाह शहर हल में मां एंजेला बुशबी ने बेटे को गले लगाया तो 28 साल का इंतजार खुशी के आंसुओं में बदल गया।
बेटे की वापसी को यादगार बनाने के लिए एंजेला ने घर के बगीचे को सजाया था। वहां ब्रिटेन के राष्ट्रीय ध्वज यूनियन जैक की झंडियां और स्वागत का बैनर लगा था। शहर के केंद्र में भी लोगों ने बुशबी का स्वागत किया। इस वापसी का एक और भावुक पहलू था—उनके बेटे की 12 साल की बेटी पहली बार अपने दादा से आमने-सामने मिली।
चिली से शुरू हुआ था सफर
रायल एयर फोर्स में पैराट्रूपर रह चुके बुशबी ने नवंबर 1998 में चिली के पुंटा एरेनास से अपनी यात्रा शुरू की थी। उनका लक्ष्य उत्तर दिशा में चलते हुए बेरिंग स्ट्रेट पार करना और फिर एशिया तथा यूरोप से होते हुए ब्रिटेन लौटना था। मार्च 2006 में उन्होंने बेरिंग स्ट्रेट पार किया। पूरे सफर के दौरान उन्होंने चार महाद्वीपों और 30 देशों को पार किया।
प्रकृति से ज्यादा मुश्किल हुई लालफीताशाही
तपते रेगिस्तान, जमा देने वाले टुंड्रा और डेरियन गैप के घने जंगल भी उनके इरादे नहीं डिगा सके। हालांकि, वीजा और प्रशासनिक अड़चनों ने कई बार उनका रास्ता रोका। उन्हें गिरफ्तारी और देश से निकाले जाने जैसी मुश्किलें भी झेलनी पड़ीं।
बुशबी ने प्रण लिया था कि यात्रा पूरी होने तक ब्रिटेन नहीं लौटेंगे। सफर में जरूरी सामान ढोने के लिए उनके साथ एक संशोधित गोल्फ ट्राली रहती थी। उन्होंने कैस्पियन सागर तैरकर पार किया और अक्टूबर में इंग्लिश चैनल भी तैरकर पार किया। उनकी इस असाधारण यात्रा पर फिल्मकार वर्नर हर्जोग एक डाक्यूमेंट्री बना रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।