ब्रिटेन में भारतीय युद्ध स्मारक को क्षतिग्रस्त करने वालों की तलाश तेज
ब्रिटिश पुलिस ने हाल ही में बने भारतीय युद्ध स्मारक को क्षतिग्रस्त करने वालों की तलाश तेज कर दी है।
लंदन, प्रेट्र। ब्रिटिश पुलिस ने हाल ही में बने भारतीय युद्ध स्मारक को क्षतिग्रस्त करने वालों की तलाश तेज कर दी है। वेस्ट मिडलैंड पुलिस ने कहा कि ऐसा करने वालों के साथ नस्लीय अपराधियों जैसा व्यवहार किया जाएगा।
बता दें कि प्रथम विश्व युद्ध (नवंबर 1918) में भारतीय उपमहाद्वीप के 74,000 जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। युद्ध की 100वीं सालगिरह पर इन्हीं सैनिकों की याद में इंग्लैंड के वेस्ट मिडलैंड क्षेत्र के स्मेथविक शहर में 10 फुट ऊंचा पीतल का स्मारक बनाया गया था। इसमें एक सिख सैनिक को दर्शाया गया है। पिछले रविवार को ही इसका उद्घाटन हुआ था। शुक्रवार सुबह इसके क्षतिग्रस्त होने का पता चला था।
स्मेथविक शहर के सार्जेट बिल जिल ने कहा कि हम जानते हैं कि इससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। हम इसके लिए जिम्मेदार लोगों की तलाश के साथ ही ऐसा करने के पीछे के कारणों को समझने की कोशिश में लगे हैं।
उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। इसमें दिखाई देने वाले संदिग्ध लोगों की स्मेथविक स्थित गुरुद्वारे में आने वालों श्रद्धालुओं से शिनाख्त कराई जा रही है। गुरुद्वारे ने स्मारक के निर्माण में 20,000 पौंड का योगदान दिया है।