सोशल मीडिया पर छाया ई-रिक्शा चालक का बेटा, चंदा जुटाकर लंदन में साकार कर रहा सपना
दिल्ली के ई-रिक्शा चालक का बेटा विश्व प्रसिद्ध नृत्य स्कूल में प्रशिक्षण ले रहा है। उसने प्रशिक्षण के अपने पहले दो हफ्ते पूरे कर लिए हैं। कोराना वायरस की सख्त पाबंदियों के बीच संस्थान में मास्क लगाकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
लंदन, पीटीआइ। दिल्ली के एक ई-रिक्शा चालक का बेटा इन दिनों सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। कमल सिंह ऑनलाइन चंदा जुटाकर लंदन के विश्व प्रसिद्ध इंग्लिश नेशनल बेले स्कूल (ईएनबीएस) में दाखिला हासिल कर अपना सपना साकार कर रहा है। उसने प्रशिक्षण के अपने पहले दो हफ्ते पूरे कर लिए हैं। कोराना वायरस की सख्त पाबंदियों के बीच संस्थान में मास्क लगाकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
20 वर्षीय कमल सिंह ने स्कूल से नृत्य के कोर्स का फीस भरने एवं ब्रिटेन की राजधानी में रहने के खर्च को पूरा करने के लिए चंदे के रूप में 20,764 पाउंड इकट्ठा किए हैं। उनकी मदद करने वाले सैकड़ों लोगों मे ऋतिक रोशन जैसे बॉलीवुड अभिनेता भी शामिल थे। सिंह ने कहा कि मुझे अभी तक यकीन नहीं हो पा रहा है कि मैं ईएनबीएस में नृत्य कोर्स कर रहा हूं। ये मेरे लिए किसी चमत्कार जैसा है।
सिंह ने बताया कि 17 साल की उम्र में मैनें नृत्य करना शुरू कर दिया था। हालांकि, ये चुनौतीपूर्ण भी रहा। नई दिल्ली में नृत्य स्कूल के निदेशक फर्नांडो एगुइलेरा से कुछ साल पहले अचानक मुलाकात हो गई थी। तबसे उसकी जिंदगी बदल गई। इसके बाद उन्हें नृत्य पसंद आने लगा और वह प्रशिक्षण के कई मुश्किल दौर से गुजरा।
एगुइलेरा को सिंह की प्रतिभा पर यकीन था और उन्होंने सिंह को एक दिन में आठ- नौ घंटे प्रशिक्षण दिया। कुछ सालों के कड़े प्रशिक्षण के बाद लंदन में जाने-माने नृत्य स्कूल में प्रवेश के साथ उनका सपना सच हो गया। इसके बाद सिंह को आर्थिक परेशानियों को भी पार करना था। सिंह ने बताया कि मैं उन लोगों का आभारी हूं जिन्होंने मुझे चंदा दिया। आपकी दयालुता की वजह से मैं अपना मकसद और सपना पूरा कर पा रहा हूं।