जलवायु परिवर्तन पर बहस से ब्रिटिश प्रधानमंत्री जॉनसन ने किया किनारा
ब्रिटेन के PM ने गुरुवार को यहां जलवायु परिवर्तन के मुद्दे पर टीवी पर हो रही चुनावी बहस से खुद को अलग कर लिया। उनके स्थान पर भी पार्टी के प्रतीक के साथ बर्फ की कलाकृति रखी गई।
लंदन, एएनआइ। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने गुरुवार को यहां जलवायु परिवर्तन के मुद्दे पर टीवी पर हो रही चुनावी बहस से खुद को अलग कर लिया। इस पर टीवी चैनल ने उनके स्थान पर कंजरवेटिव पार्टी के लोगो वाली बर्फ की कलाकृति रखकर बहस पूरी की। जॉनसन के अलावा ब्रेक्जिट पार्टी के नेता निगेल फराज ने भी इसमें हिस्सा नहीं लिया।
उनके स्थान पर भी पार्टी के प्रतीक के साथ बर्फ की कलाकृति रखी गई। यूरोपीय संसद में जलवायु आपातकाल घोषित करने के मुद्दे पर हुए मतदान के कुछ घंटों बाद ही यह बहस आयोजित की गई थी। ब्रिटेन में 12 दिसंबर को आम चुनाव होने वाले हैं।
सत्तारूढ़ कंजरवेटिव पार्टी ने ब्रिटेन के प्रसारण नियामक ऑफकॉम में शिकायत दर्ज कराई है कि पार्टी ने प्रधानमंत्री जॉनसन के स्थान पर एक अन्य नेता माइकल गोव को चर्चा में शामिल करने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन चैनल 4 ने यह प्रस्ताव खारिज कर दिया।
पार्टी ने आरोप लगाया है कि चैनल का फैसला बताता है कि वह कंजरवेटिव पार्टी को टीवी बहस में प्रतिनिधित्व नहीं देना चाहता। इस बहस में विपक्षी लेबर पार्टी के नेता जेरेमी कॉर्बिन, लिबरल डेमोक्रेट जो स्विनसन और अन्य पार्टियों के प्रमुखों ने हिस्सा लिया।
इसमें उन्होंने जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए अपनी पार्टी की योजनाओं को जनता के सामने रखा। नेताओं के स्थान पर बर्फ की कलाकृति रखने के बारे में चैनल 4 ने कहा कि यह धरती के आपातकाल का प्रतिनिधित्व करता है। जॉनसन की पूर्ववर्ती टेरीजा मे ने भी 2017 के चुनाव से पहले टीवी की किसी बहस में हिस्सा नहीं लिया था।
विदेश के खबरों के लिए यहां क्लिक करें