पुतिन के शहर सेंट पीटर्सबर्ग पर यूक्रेन का बड़ा हमला, ऑयल टर्मिनल और युद्धपोत बने निशाना
रूस में करीब एक हजार किलोमीटर भीतर जाकर यूक्रेन के दर्जनों ड्रोन ने सेंट पीटर्सबर्ग के ऑयल टर्मिनल और नजदीक ...और पढ़ें

पुतिन के शहर सेंट पीटर्सबर्ग पर यूक्रेन का बड़ा हमला (फोटो- AI Generated)
HighLights
रूस के दूसरे बड़े शहर में ऑयल टर्मिनल और युद्धपोत बने निशाना
वार्षिक आर्थिक फोरम के आयोजन से ठीक पहले हुआ ड्रोन हमला
रॉयटर, सेंट पीटर्सबर्ग। रूस के दूसरे बड़े शहर और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के गृह नगर सेंट पीटर्सबर्ग पर मंगलवार-बुधवार रात यूक्रेन ने बड़ा हमला किया। रूस में करीब एक हजार किलोमीटर भीतर जाकर यूक्रेन के दर्जनों ड्रोन ने सेंट पीटर्सबर्ग के ऑयल टर्मिनल और नजदीक स्थित नौसेना के अड्डे पर लंगर डाले युद्धपोत को निशाना बनाया।
इस हमले की गंभीरता इसलिए और बढ़ गई है क्योंकि बुधवार तीन जून से सेंट पीटर्सबर्ग में रूस के विश्व आर्थिक फोरम का तीन दिवसीय आयोजन शुरू हुआ है। इससे कुछ घंटे पहले आयोजन स्थल से महज 16 किलोमीटर दूर यूक्रेन ने ड्रोन हमले किए थे।
दावोस की तर्ज पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में रूस विदेशी निवेशकों और खरीदारों को आमंत्रित करता है। सेंट पीटर्सबर्ग के तीन इलाकों में ड्रोन हमलों से नुकसान हुआ है। इन हमलों में बहुमूल्य संपत्तियों को नुकसान हुआ है और कई लोग घायल हुए हैं।
हमले के दौरान तेज धमाकों की आवाज सुनी गई और उसके बाद घने धुंए का बादल सेंट पीटर्सबर्ग के ऊपर छा गया। हमले के चलते सेंट पीटर्सबर्ग का हवाई अड्डा कई घंटे तक बंद रहा।
रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन ने कहा है कि यूक्रेन के साथ लड़ाई अब नए स्तर पर पहुंच गई है और रूस इस हमले का कड़ाई से जवाब देगा। पता चला है कि यूक्रेन ने बीती रात करीब एक हजार ड्रोन से रूस पर हमला किया था। इनमें से 754 को रूसी एयर डिफेंस सिस्टम ने आकाश में ही नष्ट कर दिया।
विदित हो कि राजधानी मॉस्को के बाद रूस के दूसरे बड़े शहर सेंट पीटर्सबर्ग की आबादी करीब 50 लाख है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया है कि हमले में सेंट पीटर्सबर्ग के आयल टर्मिनल को नुकसान हुआ है।
साथ ही नजदीक स्थित क्रोंसटैट द्वीप का सैन्य ठिकाना भी ड्रोन हमले का निशाना बना है। इस ठिकाने में रूसी नौसेना के युद्धपोतों की मरम्मत का कार्य किया जाता है। यूक्रेन ने ड्रोन हमले में रूसी युद्धपोत को निशाना बनाने का एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया में साझा किया है।
कई हस्तियों की मौजूदगी में हुआ हमला
यूक्रेन का यह हमला ऐसे समय हुआ है जब आर्थिक फोरम में भाग लेने के लिए सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्री प्रिंस अब्दुलअजीज बिन सलमान, हालीवुड स्टार स्टीवन सीगल, दक्षिणपंथी विचारक कैंडस ओवेंस और अन्य कई प्रमुख लोगों के सेंट पीटर्सबर्ग पहुंचने की सूचना है।
डोनेस्क में ड्रोन हमले में आठ मरे
रूस के कब्जे वाले डोनेस्क प्रांत में बुधवार को बस पर यूक्रेन के ड्रोन हमले में आठ लोग मारे गए और 11 घायल हुए हैं। घटना येनाकिएवो कस्बे के नजदीक की है। डोनेस्क पूर्व में यूक्रेन का हिस्सा रहा है लेकिन युद्ध के दौरान उस पर रूस ने कब्जा कर लिया था। रूस ने कहा है कि यूक्रेन ने यात्री बस को निशाना बनाकर निर्दोष लोगों की हत्या की है।
