Move to Jagran APP

रूस के नजदीक ही दो समुद्री जहाजों में लगी आग, 11 मृतकों में से 7 भारतीय

रूस के नजदीक केर्च जलडमरूमध्य एक महत्त्वपूर्ण जलमार्ग है, जो रूस और यूक्रेन दोनों के लिए ही सामरिक दृष्टि से महत्त्व रखता है।

By Tilak RajEdited By: Published: Tue, 22 Jan 2019 11:08 AM (IST)Updated: Tue, 22 Jan 2019 03:10 PM (IST)
रूस के नजदीक ही दो समुद्री जहाजों में लगी आग, 11 मृतकों में से 7 भारतीय
रूस के नजदीक ही दो समुद्री जहाजों में लगी आग, 11 मृतकों में से 7 भारतीय

रूस, पीटीआइ। क्रीमिया को रूस से अलग करने वाले समुद्री इलाके केर्च में दो पोतों में आग लग गई। इन पोतों में भारतीय, तुर्की और लीबिया के चालक दल सवार थे। आग लगने की इस घटना में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें से 7 भारतीय थे। इन दोनों पोतों में कुल मिलाकर 15 भारतीय सवार थे।

loksabha election banner

गैस ट्रांस्फर के दौरान हुआ हादसा
खबरों के मुताबिक, आग रूसी सीमा के जलक्षेत्र के पास सोमवार को लगी थी। दोनों पोतों पर तंजानिया के ध्वज लहरा रहे थे। इनमें से एक तरलीकृत प्राकृतिक गैस (लिक्विड नेचुरल गैस) लेकर जा रहा था, जबकि दूसरा टैंकर था। खबर है कि गैस ट्रांस्फर करने के दौरान यह हादसा हुआ। 

दोनों पोतों पर थे भारतीय नागरिक
रूसी संवाद एजेंसी तास ने समुद्री अधिकारियों के हवाले से बताया कि इनमें से एक पोत कैंडी में चालक दल के 17 सदस्य मौजूद थे। इनमें नौ तुर्की के नागरिक और आठ भारतीय थे। दूसरे पोत माइस्ट्रो में तुर्की के सात नागरिकों के साथ ही सात भारतीय नागरिकों और लीबिया के एक इंटर्न सहित चालक दल के 15 सदस्य सवार थे।

एक पोत में हुआ विस्फोट, दूसरे तक आग फैली
रूसी टेलिविजन चैनल आरटी न्यूज ने रूसी समुद्री एजेंसी के हवाले से बताया कि इस हादसे में कम से कम 11 नाविकों की मौत हुई है। एजेंसी के एक प्रवक्ता ने बताया कि माना जा रहा है कि एक पोत में विस्फोट हुआ, फिर यह आग दूसरे पोत तक फैल गई। बचाव नौका पहुंचाई जा रही है। प्रवक्ता ने बताया कि करीब तीन दर्जन नाविक नाव से कूद कर बच निकल पाने में कामयाब हुए। अब तक 12 लोगों को समुद्र से निकाला जा चुका है। नौ नाविक अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

रूसी एजेंसियों के संपर्क में भारतीय विदेश मंत्रालय
मरने वालों में 7 भारतीय हैं। ऐसे में भारतीय विदेश मंत्रालय लगातार रूसी एजेंसी से जानकारी हासिल कर रहा है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि वे रूसी एजेंसियों के साथ संपर्क में हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने बताया कि मॉस्को में हमारा दूतावास संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है, जिनसे इस हादसे में भारतीयों को पहुंचे नुकसान के बारे में जानकारी ली जा रही है।

बचाव दल के सामने आ रही ये परेशानी
समुद्र में पीडि़तों की मदद के लिए पहुंचे राहत और बचाव दल को काफी परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। दल के सामने सबसे बड़ी मुसीबत खराब मौसम बना हुआ है। एजेंसियों की तरफ से जानकारी दी गई है कि समुद्र में मौसम सामान्य नहीं है, जिसके चलते पीड़ितों को मेडिकल इलाज के लिए नहीं ले जाया जा सका है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.