पांच महीने जर्मनी में इलाज कराकर रूस लौटते ही पुतिन के कटु आलोचक नवलनी हुए गिरफ्तार, जानें क्या कहा
व्लादिमीर पुतिन के कटु आलोचक एलेक्सेई नवलनी रविवार को रूस वापस लौटे। समाचार एजेंसी रॉयटर के मुताबिक नवलनी को विमान से उतरने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। प्रशासन का कहना है कि उन्हें एक पुराने मामले में गिरफ्तार किया जा सकता है।
मॉस्को, रायटर। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के कटु आलोचक एलेक्सेई नवलनी (44) रविवार को रूस वापस आते ही गिरफ्तार कर लिए गए। प्रशासन ने पहले ही साफ कर दिया था कि एक पुराने मामले में उनकी गिरफ्तारी हो सकती है। नवलनी की प्रवक्ता कीरा पारमिश ने उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है। इससे पहले नवलनी विमान से जर्मनी की राजधानी बर्लिन से रवाना हुए थे, जहां पर वह पिछले कई महीने से इलाज करवा रहे थे।
पिछले साल दिया गया था जहर
पिछले साल अगस्त में रूस में विमान यात्रा के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए जर्मनी ले जाया गया था। जहां पर हुई जांच में उन्हें जहर दिए जाने की पुष्टि हुई थी। नवलनी चूंकि पुतिन के आलोचक हैं, इसलिए अंगुली रूसी सरकार पर उठी। लेकिन राष्ट्रपति के क्रेमलिन कार्यालय ने आरोपों का कड़ाई से खंडन किया।
विमान से उतरते ही किए गए गिरफ्तार
बर्लिन से आ रहे नवलनी का विमान पहले मॉस्को के मुख्य हवाई अड्डे पर उतरना था लेकिन अंतिम समय अधिकारियों ने उसे राजधानी के ही एक अन्य एयरपोर्ट शेरमेटयेवो पर उतारने के निर्देश दिए। विमान से उतरने के कुछ देर बाद ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
साल 2014 के लंबित मामले में कार्रवाई
इससे पहले बर्लिन से रवाना होने से पहले नवलनी ने पत्रकारों से कहा, जर्मनी में बीते पांच महीने शानदार रहे। बहुत अच्छा महसूस किया लेकिन अब वापस अपने शहर जा रहा हूं। नवलनी का पहले बुधवार को वापसी का कार्यक्रम था। तभी रूसी अधिकारियों ने कहा था कि उन्हें 2014 के लंबित एक मामले में गिरफ्तार किया जा सकता है।
निर्दोष हूं, स्वदेश लौटने का है अधिकार
नवलनी ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वह निर्दोष हैं और उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया है जिससे डरने की जरूरत हो। उन्होंने यह भी कहा था कि रूस का नागरिक हूं और मुझे अपने देश वापस आने का अधिकार है। नवलनी के साथ उनकी पत्नी यूलिया और उनके वकील भी जर्मनी से साथ आए थे।