विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 26, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

रूस में वैगनर ग्रुप के विद्रोह के बाद पहली बार सामने आए रक्षा मंत्री, यूक्रेन में सैनिकों से की मुलाकात

By AgencyEdited By: Sonu Gupta
Published: Mon, 26 Jun 2023 05:44 PM (IST)

रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु (Sergei Shoigu) देश में वैगनर ग्रुप के विद्रोह करने और उन्हें सत्ता से हटाए ...और पढ़ें

रूस में वैगनर ग्रुप के विद्रोह के बाद पहली बार सामने आए रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु। फोटो एपी।
रूस में वैगनर ग्रुप के विद्रोह के बाद पहली बार सामने आए रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु। फोटो एपी।

मॉस्को, एपी। रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु (Sergei Shoigu) देश में वैगनर ग्रुप के विद्रोह करने और उन्हें सत्ता से हटाए जाने की मांग के बाद पहली बार सोमवार को सार्वजनिक रूप से सामने आए। रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु ने इस दौरान यूक्रेन में रूसी सैनिकों का निरीक्षण किया। रक्षा मंत्रालय ने इस पूरे घटना का वीडियो भी जारी किया है।

रक्षा मंत्रालय ने जारी किया सर्गेई शोइगु का वीडियो

रूसी रक्षा मंत्री का यह वीडियो वैगनर ग्रुप के सैनिकों द्वारा विद्रोह करने और रूसी मीडिया में चल रहे उस अटकलों के बाद आया है, जिसमें अनुमान लगाया जा रहा था कि सर्गेई शोइगु और अन्य शीर्ष सैन्य नेताओं ने राष्ट्रपति पुतिन का भरोसा खो दिया है और इन सभी को जल्द ही हटाया जा सकता है।

देश में बड़े पैमाने पर किया प्रसारित

रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी इस वीडियो में शोइगु को एक हेलीकॉप्टर में और फिर यूक्रेन में रूसी सैनिकों की स्थिति का निरीक्षण करते दिखाया गया है। समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, इस वीडियो को रूस के सरकारी टेलीविजन सहित रूसी मीडिया पर बड़े पैमाने पर प्रसारित किया गया है।

वैगनर ग्रुप ने देश में किया था सैन्य विद्रोह

मालूम हो कि रूस-यूक्रेन युद्ध में वैगनर ग्रुप के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन और रूस के सैन्य अधिकारियों के बीच विवाद समय-समय पर सामने आते रहे हैं। हालांकि, यह विवाद शनिवार को एक विद्रोह में बदल गया। इस दौरान वैगनर ग्रुप के सैनिकों ने देश के सैन्य मुख्यालय पर कब्जा करने के लिए यूक्रेन को छोड़ राजधानी मॉस्को की ओर कूच कर दिया।

बेलारूस ने किया था बीच बचाव 

बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको के बीच बचाव के बाद वैगनर प्रमुख ने अपने कदम को वापस लिया और अपने फील्ड कैंप में जाने का फैसला किया था।