रूस ने उत्तर कोरिया-अमेरिका वार्ता के लिए मध्यस्थता की पेशकश की
उत्तर कोरिया के संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंधों की अवहेलना कर परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम जारी रखने से तनाव बढ़ा है।
मॉस्को, रायटर : रूस ने उत्तर कोरिया और अमेरिका के बीच बातचीत को लेकर मध्यस्थता की पेशकश की है। उसने कहा कि अगर दोनों पक्ष इसके लिए राजी हों तो वह यह भूमिका निभाने के लिए तैयार है। रूस लंबे समय से दोनों देशों से तनाव कम करने के लिए बातचीत करने की मांग कर रहा है।
उत्तर कोरिया के संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंधों की अवहेलना कर परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम जारी रखने से तनाव बढ़ा है।
रूस के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने मंगलवार को कहा कि तनाव कम करने की रूस की तत्परता स्पष्ट है। जबकि रूस के विदेश मंत्री सर्जेई लावरोव ने सोमवार को अमेरिका और उत्तर कोरिया को बातचीत शुरू करने को कहा था। उन्होंने यह भी कहा था कि रूस इस बातचीत को शुरू कराने के लिए तैयार है।
उधर अमेरिका के राजनयिकों को कहना है कि वे मामले के राजनयिक हल का प्रयास कर रहे हैं। जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि बातचीत शुरू होने से पहले उत्तर कोरिया को परमाणु हथियार त्यागने होंगे।