यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 24, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Russia Fire: इमारत में लगी भीषण आग, 20 बुजुर्गों की मौत; आग लगने के कारण का नहीं चला पता
Russia Fire साइबेरियाई शहर केमेरोवो में बुजुर्गों के एक अपंजीकृत घर में 23 दिसंबर को भीषण आग लगने से 20 ...और पढ़ें

रूस, एजेंसी। Russia Fire: साइबेरियाई शहर केमेरोवो में बुजुर्गों के एक अपंजीकृत घर में 23 दिसंबर को भीषण आग लगने से 20 लोगों की मौत हो गई। समाचार एजेंसी तास (TASS) ने आपातकालीन सेवाओं के हवाले से इसकी जानकारी दी। एजेंसी ने अग्नि सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से बताया कि इमारत की पूरी दूसरी मंजिल जलकर खाक हो गई है। हालांकि, आग पर काबू पा लिया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, आग लगने वाली जगह पर, राहत और बचाव के काम में जुटे फायर कर्मी मलबा हटाने का काम कर रहे हैं। ताजा आंकड़ों के अनुसार, आग लगने से अब तक 20 लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने कहा कि बुजुर्गों के लिए कई घर पूरे रूस (Russia) में पंजीकरण के बिना संचालित किए जाते हैं।
रूस के एक कैफे में लगी आग
इसी साल 5 नवंबर को रूस के कोस्त्रोमा शहर के एक कैफे में आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने कहा कि आग तब लगी, जब किसी ने विवाद के दौरान एक फ्लेयर गन का इस्तेमाल किया। बचाव दल 250 लोगों को निकालने में सफल रहे। कोस्त्रोमा मॉस्को से लगभग 340 किलोमीटर (210 मील) उत्तर में स्थित है। आग के दौरान कैफे की छत गिर गई। एक आपराधिक जांच शुरू की गई है, और पुलिस उस व्यक्ति की तलाश कर रही है जिसने फ्लेयर गन का इस्तेमाल किया था।
यूक्रेन के राष्ट्रपति का अमेरिकी दौरा
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की 23 दिसंबर को अमेरिका और पोलैंड का दौरा कर वापस कीव लौट आए। उन्होंने कहा, उनकी सेना युद्ध में जीतने तक लड़ाई जारी रखेगी। इस बीच रूस ने कहा है कि यूक्रेन में अपने उद्देश्य प्राप्त होने पर ही वह कार्रवाई रोकेगा। एक अन्य मौके पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि अमेरिका के पैट्रियट मिसाइल डिफेंस सिस्टम से यूक्रेन में कुछ नहीं होगा, रूसी सेना उसे भी नष्ट कर देगी।
यूक्रेन को अमेरिका से सैन्य मदद (Russia-Ukraine War)
जेलेंस्की की वापसी से पहले बीती रात और 23 दिसंबर की सुबह रूसी सेना ने यूक्रेन में बड़े हमले किए। जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर पोस्ट किए अपने संदेश में बताया कि वह अमेरिका से 1.85 अरब डालर की नई सैन्य सहायता प्राप्त करने में सफल रहे। उन्होंने कहा कि हम अपनी हर चीज रूस से वापस लेंगे। जेलेंस्की ने 2023 में यूक्रेन के लिए नीदरलैंड्स सरकार द्वारा निर्धारित की गई 2.65 अरब डालर की सहायता के लिए आभार जताया।