विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 17, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Russia Election: रूस में चुनाव के दौरान यूक्रेन के हमले, सीमावर्ती शहर में गोलाबारी में दो मरे, रिफाइनरी में भीषण आग

Published: Sun, 17 Mar 2024 04:15 AM (IST)

Russia Election 2024 रूस में राष्ट्रपति चुनाव के लिए शनिवार को दूसरे दिन भी मतदान की प्रक्रिया जारी रही रविवार ...और पढ़ें

सीमावर्ती शहर में गोलाबारी में दो मरे, रिफाइनरी में लगी आग। (फाइल फोटो)
सीमावर्ती शहर में गोलाबारी में दो मरे, रिफाइनरी में लगी आग। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान का आज अंतिम दिन
  2. विरोधियों के एक वर्ग की पुतिन के प्रति नाराजगी
  3. मतदान के बीच यूक्रेन ने किए मिसाइलों से हमले

एपी, मॉस्को। रूस में राष्ट्रपति चुनाव के लिए शनिवार को दूसरे दिन भी मतदान की प्रक्रिया जारी रही, रविवार को मतदान का अंतिम दिन होगा। दो दिनों में बड़ी संख्या में लोगों ने मतदान किया है। इस चुनाव में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन प्रमुख प्रत्याशी हैं और छह वर्ष के पांचवें कार्यकाल के लिए उनके पुन: चुने जाने की उम्मीद है।

वैसे दिवंगत विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी के समर्थक पुतिन का विरोध कर रहे हैं लेकिन उनका विरोध कमजोर और नेतृत्वविहीन है, इसलिए उससे पुतिन के पुन: निर्वाचन पर खास असर पड़ने की उम्मीद नहीं लग रही है। इस चुनाव में 71 वर्षीय पुतिन के सामने तीन प्रत्याशी हैं लेकिन वे राष्ट्रपति की कटु आलोचना से बच रहे हैं। ये विरोधी प्रत्याशी यूक्रेन युद्ध पर सरकार की नीति के विरोध में भी कुछ नहीं बोल रहे हैं।

विरोधियों के एक वर्ग की पुतिन के प्रति नाराजगी

विरोधियों के एक वर्ग ने पुतिन के प्रति नाराजगी और यूक्रेन युद्ध पर विरोध-प्रदर्शित करने के लिए रविवार को मतदान का आह्वान किया है। देश में दो दिन के मतदान के दौरान तोड़फोड़, हिंसा और विरोध-प्रदर्शन की करीब आधा दर्जन घटनाएं हुई हैं, उन पर सुरक्षा बलों ने काबू पा लिया है।

मतदान के बीच यूक्रेन ने किए मिसाइलों से हमले

यूराल्स और साइबेरिया में मतपत्रों को खराब करने की दो घटनाएं हुई हैं। पुलिस ने इन घटनाओं में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है। इन घटनाओं के आरोपितों को आठ वर्ष तक के कारावास की सजा हो सकती है। शनिवार को मतदान के दौरान एक बार फिर यूक्रेन के ड्रोन और मिसाइलों ने रूस के भीतरी इलाकों में हमले किए।

बेलगोरोद में यूक्रेनी गोलाबारी में दो लोग मारे गए

सीमावर्ती इलाके बेलगोरोद में यूक्रेनी गोलाबारी में दो लोग मारे गए हैं। सुरक्षा कारणों से शॉपिंग सेंटर और स्कूल बंद करा दिए गए हैं। मॉस्को से एक हजार किलोमीटर दक्षिण-पूर्व के सामरा क्षेत्र में स्थित रिफाइनरी में यूक्रेन के ड्रोन हमले से आग लग गई है। इसमें हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी नहीं मिली है।

मतदान केंद्र पर यूक्रेन ने ड्रोन हमला किया

रूस के कब्जे वाले जपोरीजिया क्षेत्र में मतदान के दौरान एक मतदान केंद्र पर यूक्रेन ने ड्रोन हमला किया। इससे किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। जपोरीजिया का यह इलाका रूस ने 2022 में जीतकर उसे अपना क्षेत्र घोषित कर दिया था। शुक्रवार को राष्ट्रपति पुतिन ने कहा था कि यूक्रेन पश्चिमी देशों के इशारे पर रूस के चुनाव को बाधित करने की कोशिश कर रहा है। चुनाव के बाद उसे दंडित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: Pakistan: लाहौर हाईकोर्ट में भगत सिंह शहादत कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए याचिका, 18 मार्च को होगी सुनवाई