विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 24, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Russia Ukraine War: रूस ने यूक्रेन पर किया हमला, तीन दिशाओं से भारी बमबारी में 40 से ज्‍यादा मरे, द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप में सबसे बड़ी सैन्य कार्रवाई

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By:
Published: Thu, 24 Feb 2022 09:40 PM (IST)Updated: Thu, 24 Feb 2022 11:18 PM (IST)

हमले के विरोध में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदोमीर जेलेंस्की ने कहा हमने रूस से अपने राजनयिक संबंध तोड़ लिए हैं। ...और पढ़ें

तीन दिशाओं से भारी बमबारी, हवाई, जमीनी और समुद्र के रास्ते हो रही तबाही (फोटो सोर्स: AP)
तीन दिशाओं से भारी बमबारी, हवाई, जमीनी और समुद्र के रास्ते हो रही तबाही (फोटो सोर्स: AP)

मास्को, रायटर। रूसी सेनाओं ने गुरुवार तड़के यूक्रेन पर हवाई, समुद्री और जमीनी रास्ते से जबर्दस्त हमला कर दिया। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप में यह सबसे बड़ा सैन्य हमला है। इस हमले में दोनों पक्षों ने एक दूसरे को भारी क्षति होने का दावा किया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सैकड़ों लोग हताहत हुए हैं। युक्रेनी राष्ट्रपति के सलाहकार ने कम से कम 40 लोगों के मारे जाने का दावा किया है। रूसी सेना का कहना है कि उसने यूक्रेन के 74 सैन्य ठिकानों और 11 एयरबेस तबाह कर उसकी हवाई रक्षा प्रणाली नष्ट कर दी है। वहीं यूक्रेन ने रूस के पांच लड़ाकू विमान और कई टैंक नष्ट करने की बात कही है। भारी बमबारी से देश के कई इलाकों से बड़ी तादाद में पलायन शुरू हो गया है। लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित ठिकाने तलाश रहे हैं। कई देश भी कीव से अपने दूतावास खाली करने लगे हैं। हमले से जहां दुनिया भर के शेयर बाजार में गिरावट देखी गई वहीं सोने और पेट्रोल के भाव काफी चढ़ गए।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन समेत विश्व के प्रमुख नेताओं ने इस हमले के लिए रूस की कड़ी निंदा की है। हालांकि, वैश्विक ताकतों का कहना है कि वे यूक्रेन के बचाव में सैन्य हस्तक्षेप नहीं करेंगे। वहीं प्रतिबंधों से बेपरवाह रूस के राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन ने हमले को उचित बताते हुए पश्चिमी देशों को चेतावनी दी कि रूसी कार्रवाई में किसी प्रकार के हस्तक्षेप के प्रयास के 'ऐसे परिणाम होंगे, जो पहले किसी ने नहीं देखे होंगे। रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा कि हम प्रतिबंधों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करेंगे।

यूक्रेन ने रूस से अपने राजनयिक संबंध तोड़े

हमले के विरोध में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदोमीर जेलेंस्की ने कहा हमने रूस से अपने राजनयिक संबंध तोड़ लिए हैं। जेलेंस्की ने देश में 'मार्शल ला' की घोषणा करते हुए कहा कि रूस ने यूक्रेन के सैन्य आधारभूत ढांचे को निशाना बनाया है। जेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने बुधवार को पुतिन के साथ बातचीत (फोन काल) की व्यवस्था करने को कहा था लेकिन क्रेमलिन की ओर से कोई जवाब नहीं आया।

भारतीय समयानुसार 4.52 मिनट पर रूस ने यूक्रेन पर सबसे पहले बड़ा साइबर अटैक किया। इसके बाद यूक्रेन के आसमान पर लड़ाकू विमानों ने उसके सैन्य ठिकानों पर बम और मिसाइलें दागना शुरू कर दिया।

रूस ने कुछ ही घंटों में यूक्रेन की पूरी वायु रक्षा प्रणाली नष्ट कर दी

कीव (राजधानी), खार्कीव, ओडेसा और यूक्रेन के अन्य शहरों में जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई। यूक्रेन के सीमा रक्षकों द्वारा इस संबंध में तस्वीरें और वीडियो जारी कर कहा गया कि रूसी सैन्य वाहन क्रीमिया से यूक्रेन में दाखिल हुए। वहीं, रूसी सेना ने दावा किया कि उसने कुछ ही घंटों में यूक्रेन की पूरी वायु रक्षा प्रणाली नष्ट कर दी। यूरोपीय प्राधिकार ने यूक्रेन के वायु क्षेत्र को एक सक्रिय संघर्ष क्षेत्र घोषित कर दिया है। रूस के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि सेना ने घातक हथियारों का इस्तेमाल यूक्रेन के एयरबेस व सैन्य आधारभूत ढांचों को निशाना बनाने के लिए किया है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के सलाहकार ओलेक्सी एरेस्टोविच ने कहा कि रूसी सेना यूक्रेन के इलाके में खार्कीव और चेर्निहिव क्षेत्र एवं संभवत: कुछ अन्य क्षेत्रों में कई किलोमीटर अंदर तक घुस गई है।

यूक्रेन के गृह मंत्री के सलाहकार एंटोन गेराशेचेंको ने फेसबुक पर कहा कि रूसी सेना ने कीव, खार्कीव और निप्रो में यूक्रेन की कमान सुविधा, वायु सेना अड्डे एवं सैन्य भंडार पर मिसाइल से हमला किया है।

यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने इस कार्रवाई को यूक्रेन पर पूरी ताकत से हमला और अतिक्रमणकारी युद्ध बताया। उन्होंने कहा कि यूक्रेन अपनी रक्षा करेगा और जीत हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि दुनिया को पुतिन को रोकना चाहिए और वह रोक सकती है। यह समय काम करने का है।

जरूरी होने पर ही लोग घर से बाहर निकलें : मेयर

राजधानी कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने निवासियों को बेहद जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि उन्हें घर खाली करने की आवश्यकता हो तो आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना सामान तैयार रखें।

जंग की अहम बातें

- इस हमले ने दुनिया भर में दहशत फैला दी है। दूसरे विश्व युद्ध के बाद यूरोप में किसी देश ने अन्य देश पर इतना बड़ा हमला किया।

- रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन का कहना है कि उनका उद्देश्य यूक्रेन को हथियारों और नाजी प्रभाव से मुक्त करना है।

- यूक्रेन के तमाम शहरों में रूसी मिसाइलों की बरसात हुई। राजधानी कीव के समीप कई धमाके सुने गए।

- नाटो ने सौ से ज्यादा युद्धक विमानों को अलर्ट किया। वह अपने पूर्वी मोर्चे पर सैन्य उपस्थिति भी बढ़ाएगा।

- नाटो महासचिव जेन्स स्टोलनबर्ग के मुताबिक इस सैन्य गठबंधन की यूक्रेन में सेनाएं भेजने की कोई योजना नहीं है।

- यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदीमीर जेलेंस्की ने अपने नागरिकों से कहा कि वे देश की हिफाजत को तैयार रहें। उन्होंने सभी नागरिकों को हथियार उपलब्ध कराने का वादा किया।

- क्रेमलिन ने कहा, सैन्य अभियान की अवधि इस बात पर निर्भर करेगी कि हम किस तरह आगे बढ़ते हैं। कीव की सैन्य क्षमता को समाप्त किया जाएगा।

- यूरोपीय संघ ने रूसी संपत्तियों को फ्रीज करने का एलान किया है। यूरोपीय वित्त बाजार तक रूसी बैंकों की पहुंच रोका जाएगी। हमले के लिए क्रेमलिन के हितों को निशाना बनाया जाएगा।

- अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने पुतिन के हमले को पहले से तय युद्ध बताया और कहा कि जी-7 समूह रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाएगा।

- मध्य यूरोपीय देशों ने कहा कि वे यूक्रेन छोड़ रहे लोगों की मदद के लिए तैयार हैं।

- चीन ने रूस के कदम को हमला कहने से इन्कार किया और सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की।

- यूरोपीय शेयर बाजारों में लगभग तीन प्रतिशत की गिरावट हुई। रूस की मुद्रा रूबल अपने निम्नतम स्तर पर पहुंच गई।

युद्ध को लेकर जानिए किसने क्या कहा 

रूसी राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन ने कहा कि मैंने यूक्रेन में विशेष सैन्य अभियान चलाने का फैसला कर लिया है।..हम लोगों की हिफाजत करना चाहते हैं, जिन्हें दबाने की अथवा निशाना बनाने की कोशिश की गई है। हम यूक्रेन के विसैन्यीकरण और उसे नाजी प्रभाव से मुक्त करने की हर कोशिश करेंगे।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूस बुराई के पथ पर चल निकला है, लेकिन यूक्रेन अपनी हिफाजत कर रहा है। हम हार नहीं मानेंगे। मास्को कुछ भी सोचे, हम अपनी आजादी नहीं छोड़ेंगे।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन ने पहले से सोचा-समझा और तय किया युद्ध शुरू किया है। अमेरिका और हमारे सहयोगी-समर्थक देश रूस पर बेहद कड़े प्रतिबंध लगाएंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।